रुद्रपुर: दमन-उत्पीड़न के खिलाफ लुकास टीवीएस मज़दूरों का पुनः अनिश्चितकालीन धरना व हड़ताल जारी

Lukas_tvs_dharana-2

रुद्रपुर (उत्तराखंड)। लोकसभा चुनाव के चलते लुकास टीवीएस मजदूर संघ को हड़ताल व धरने से उठने के लिए प्रशासन द्वारा अनेकों वादे किए थे जो खोखले साबित होने के कारण संगठन को पुनः हड़ताल जारी रखने और 14 जून से गांधी पार्क रुद्रपुर में धरना शुरू करने को बाध्य होना पड़ा है।

संगठन के महामंत्री बसन्त गोस्वामी ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान न होने तक संगठन की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि लुकास टीवीएस प्रबंधन की हठधर्मिता, लगातार जारी दमन और श्रम अधिकारियों की चुप्पी के खिलाफ लुकास टीवीएस मजदूर संघ की हड़ताल और लगातार जारी धरने को प्रशासन ने तमाम वायदे के साथ लोकसभा चुनाव के बहाने स्थगित करवा दिया था।

लंबे समय से संघर्ष जारी

लुकास टीवीएस मजदूर बीते लंबे समय से संघर्षरत हैं। श्रम अधिकारी अपने ही कराए समझौतों और मान्य कानूनों का अनुपालन नहीं करते रहे हैं। अंततः मज़दूरों श्रमविभाग रुद्रपुर में धरना शुरू किया। 70 दिन लगातार धरना के बाद भी समाधान न निकालने और प्रबंधन की बढ़ती ज्यादती से तंग मज़दूर बीते 5 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे।

प्रशासन द्वारा बार-बार धोखा; प्रबंधन का दमन तेज

प्रशासन द्वारा कोई समाधान निकालने की जगह पहले श्रम भवन से मज़दूरों का धरना उठवाकर गांधी पार्क जाने को मजबूर किया गया। बाद में लोक सभा चुनाव की घोषणा होते ही पुलिस-प्रशासन ने चुनाव आचार संहिता का हवाला देकर मज़दूरों का धरना स्थगित करा दिया गए।

प्रशासन ने मज़दूरों से समाधान के ढेरों वायदे किए गए, जो खोखले साबित हुए। इसके विपरीत प्रबंधन दमन तेज करते हुए हड़ताल में शामिल सभी मजदूरों को बर्खास्त करने में जुटा रहा।

मज़दूरों में बढ़ता आक्रोश

यूनियन नेताओं ने कहा कि श्रमिकों का आए दिन उत्पीड़न जारी है श्रम विभाग कम्पनी प्रबन्धन के दवाब में कार्य कर रहा है। लगातार संघर्ष के बावजूद सरकार, प्रशासन व श्रम अधिकारियों के कानों में जूं नहीं रेंग रहा है। जिससे श्रमिकों में आक्रोश बढ़ रहा है और आंदोलन के लिए बाध्य हुए हैं।

गैर क़ानूनी कृत्यों में लिप्त प्रबंधन

संगठन अध्यक्ष मनोहर सिंह ने कहा कि प्रबंधन द्वारा यूनियन सदस्यों को नौकरी से निकालने व झूठे आरोप पत्र देने तथा यूनियन छोड़ने का अवैधानिक दवाब बनाने का खेल जारी है। प्रबन्धन द्वारा पुराने श्रमिकों को निकाल कर ट्रेनिंग श्रमिकों से खतरनाक मशीनों पर लगाकर काम कराया जा रहा है। पर प्रबन्धन पर अंकुश लगाने में सक्षम होने के पश्चात भी प्रशासन व श्रम अधिकारी विवश नजर आ रहे हैं।

हमारी लड़ाई प्रबन्धन की गलत नितियो व श्रमकानूनो का परिपालन करने को लेकर जारी रहेगी। जरुरत पड़ी तो संगठन को सड़कों पर उतारा जायेगा।

ज्ञात हो कि श्रमिकों की कार्यबहाली, मांगपत्र, वेतन कटौती, झूठे आरोप लगाना व यूनियन को मान्यता न देना, संगठन के सदस्यों को यूनियन छोड़ने का दवाब बनाना जैसी अनेकों गतिविधियों के बाद 07 सूत्री मांगों को लेकर लुकास टीवीएस मजदूर संघ लंबे समय से संघर्षरत है। यूनियन गठन के पश्चात से प्रबंधन द्वारा संगठन पदाधिकारी व सदस्यों पर झूठे आरोप लगाकर नौकरी से निकालने का सिलसिला चल रहा है। जिससे मज़दूरों में आक्रोश बना हुआ है।

रात-दिन लगातार जारी धरना स्थल पर मनोहर सिंह अध्यक्ष, हरीश चन्द्र सिंह कार्यकारिणी अध्यक्ष, राजेश चन्द्र उपाध्यक्ष, हरीश राणा कोषाध्यक्ष, राजेश शर्मा उप मंत्री, नन्दन सिंह बोरा, ललित कुमार, प्रदीप कुमार, मातवर सिंह, हरीश चन्द्र, आनन्द जनोटी,धन सिंह, विरेन्द्र सिंह, नवीन सिंह, विनोद सिंह, दीपक सिंह, महावीर सिंह, मनोज शर्मा व बलवन्त सिंह आदि साथी मौजूद रहे।

1 thought on “रुद्रपुर: दमन-उत्पीड़न के खिलाफ लुकास टीवीएस मज़दूरों का पुनः अनिश्चितकालीन धरना व हड़ताल जारी

Comments are closed.