पानीपत : कारपेट फैक्ट्री में रोल के नीचे दबने से मजदूर की दर्दनाक मौत

वाहन से रोल उतारते समय नीचे दबे श्रमिक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत बताया। पत्नी परिजनों के साथ फैक्ट्री पहुंची तो वहां गेट का ताला लगा मिला।

समालखा(पानीपत)। पानीपत से एक दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है। जहां कारपेट फैक्ट्री के एक मजदूर की मौत हो गई। किवाना में इसराना की ओर जाने वाली मुख्य सड़क किनारे स्थित एक कारपेट फैक्ट्री में रोल के नीचे दबने से 30 वर्षीय मजदूर शशि सरोहा की मौत हो गई। वह गाड़ी से रोल उतारते समय उसे ले जाने के लिए खड़ा था। पुलिस ने पत्नी प्रियंका की शिकायत पर मालिक काके व विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसका पति गांव के एक कारपेट फैक्ट्री में नौकरी करता था। शुक्रवार की सुबह भी हर दिन की तरह काम पर गया था। उसे 10.15 बजे सूचना मिली की वाहन से रोल उतारते समय शशि नीचे दब गया। गंभीर हालत में उसे सिवाह के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही वह स्वजनों के साथ फैक्ट्री पहुंची तो वहां गेट का ताला लगा मिला। आवाज देने पर अंदर से चौकीदार बाहर निकला। उसने बताया कि फैक्ट्री के अंदर रोल की चपेट में आने से शशि गंभीर हो गया है। उसे अस्पताल ले जाया गया है। रोल का वजन करीब चार क्विंटल था।

प्रियंका ने पुलिस को बताया कि उसका पति रोज उसे कहता था कि फैक्ट्री में सुरक्षा की सरेआम अनदेखी हो रही है। चार से आठ ङ्क्षक्वटल के रोल को वाहन से उतारने के लिए मशीन नहीं है। उसे ऊपर से नीचे गिराया जाता है। घसीटकर अंदर ले जाना पड़ता है। ऊपर से रोल गिराते समय कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। शशि के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। बड़ी बच्ची की उम्र 6 साल के करीब है। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाएगी।

जागरण से साभार

भूली-बिसरी ख़बरे