आंगबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों का प्रदर्शन; सरकारी कर्मी घोषित करने की माँग

प्रदेशव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी। आंगबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा सहयोगिनी व ग्राम साथिनों को नियमित कर सरकारी कर्मचारी घोषित करने की मांग की।
सवाई माधोपुर में आंगबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को विरोध-प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के बाद कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
ज्ञापन में आंगबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आंगबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा सहयोगिनी व ग्राम साथिनों को नियमित कर सरकारी कर्मचारी घोषित करने की मांग की। आंगबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जब तक इन्हें नियमित नहीं किया जाता है, तब तक उन्हें 18 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय देने की मांग की। इसी के साथ ही आंगनबाड़ी के सभी कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर पांच लाख रुपए दिलवाने और सेवानिवृत्ति के बाद पांच हजार रुपए प्रति माह पेंशन देने की मांग की है।
आंगनबाडी कर्मचारी संघ के बैनर तले दिए ज्ञापन में सभी मांगों को तुरंत मानने की मांग की है। मांगे नहीं मानने की स्थिति में कर्मचारी संघ की ओर से प्रदेशव्यापी आंदोलन करने की भी चेतावनी दी है। इस दौरान आंगनबाडी कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष गगन शर्मा, जिला महामंत्री शकुंलता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता,सहायिका, आशा सहयोगिनी व ग्राम साथिन मौजूद रही।
दैनिक भास्कर से साभार