दिल्ली की फूड फैक्ट्री में लगी भीषण आग, अब तक 3 मज़दूरों की मौत, 7 बुरी तरह झुलसे

Narela_faictory_hadasa

मुनाफे की आंधी हवस में फैक्ट्री में दुर्घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला राजधानी दिल्ली के नरेला क्षेत्र स्थित भोरगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया का है। यहां फूड फैक्ट्री में भीषण आग से एकबार फिर तीन मज़दूरों की जान चली गई है और कई मज़दूर ज़िंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

घटना नरेला औद्योगिक क्षेत्र के एच ब्लॉक में फैक्ट्री संख्या 1249, श्याम कृपा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की है, जहां तड़के 3:00 बजे बॉयलर फटने से आग लग गयी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी और सात लोग घायल हुए हैं। सूत्रों के अनुसार मृतकों व घायलों संख्या और अधिक भी होने की सम्भावना है। घायलों को सत्यवादी राजा हरिशचंद्र हॉस्पिटल से बड़े अस्पतालों के लिए रेफर किया गया है। खबर लिखने तक आग पूरे तरीके से नहीं बुझी है, दमकल की कई गाड़ियाँ अभी भी इसे बुझाने के प्रयास में जुटी हुई हैं।

कैसे हुई घटना?

खबर के अनुसार आज शनिवार तड़के 3:00 बजे घटना सूखी मूंग दाल बनाने वाली नरेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्याम कृपा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड घटित हुई।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि कच्चे मूंग को गैस बर्नर पर भूना गया था और एक पाइपलाइन में गैस रिसाव के कारण आग फैल गई, जिससे कंप्रेसर गर्म हो गया और धमाका हुआ। परिणामस्वरूप विस्फोट हुआ और यह हादसा हुआ।

घटना के बाद फैक्ट्री में चीख-पुकार मैच गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों की मदद से करीब नौ लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें नरेला के एसएचआरसी अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर तीन घायलों ने बाद में दम तोड़ दिया। मृतकों में श्याम, पुत्र जगदीश, उम्र 24 साल, राम सिंह, पुत्र गिरजा शंकर, बीरपाल, पुत्र राजाराम शामिल हैं।

सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी

जैसा कि हर घटना के बाद होता है, दिल्ली पुलिस के अनुसार मामले को संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया जा रहा है और जांच जारी है। हालांकि समय बीतने के साथ मामला ठंडे बस्ते में चल जाता है और फिर किसी नए हादसे में यही कहानी दुहराई जाती है।

स्पष्ट है कि यह हादसा भी सुरक्षा मानकों की घोर लापरवाही बरतने का अंज़ाम है। आज इस प्रकार की घटनाएँ बढ़ती ही जा रही हैं। पिछले महीने भी नरेला की फैक्ट्री में भीषण आग लगी थी। कुंडली में भी बॉयलर फटने से कई मज़दूरों की मौत हुई थी।