श्रमिक संयुक्त मोर्चा का चुनाव सम्पन्न, नए संघर्षों का आह्वान

इलाके की 31 यूनियनों ने पूरे उत्साह से की भागीदारी

रुद्रपुर (उत्तराखंड)। आज 7 मार्च को श्रमिक संयुक्त मोर्चा, ऊधम सिंह नगर की नई कार्यकारिणी का चुनाव पूरे जोश के साथ सम्पन्न हुआ। मोर्चा ने क्षेत्र में मज़दूरों के जारी दमन, शोषण और तमाम समस्याओं पर संघर्ष के साथ मज़दूरों को बंधुआ बनाने वाले चार श्रम संहिताओं के खिलाफ एक बड़े संघर्ष की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

स्थानीय आहूजा धर्मशाला में सम्पन्न आज के चुनाव में 31 यूनियनों-संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पूरी नवनिर्वाचित टीम ने श्रमिक हित में संघर्ष का संकल्प बांधा। इसी के साथ मोर्चा का विधान भी जारी हुआ।

मोर्चा ने जिले व क्षेत्र में मज़दूरों के जारी दमन, शोषण और तमाम समस्याओं पर श्रम विभाग और प्रशासन की चुप्पी पर अपना रोष प्रकट किया। कहा कि संघर्षों के बाद गठित प्रशासनिक कमेटी मालिकों के दबाव में निष्प्रभावी बन गई है। जिसके खिलाफ़ आवाज़ बुलंद करना होगा। इसी के साथ 44 श्रम कानूनों को खत्म करके मज़दूरों को बंधुआ बनाने वाली चार श्रम संहिताओं का विरोध किया।

नवनिर्वाचित टीम के अध्यक्ष दिनेश चंद तिवारी व महासचिव चंद्र मोहन लखेड़ा ने कहा कि आज एक विकट दौर में हमारी टीम के ऊपर भारी जिम्मेदारी है। मोदी सरकार ने लंबे संघर्षों से हासिल श्रम कानूनी अधिकारों को खत्म कर दिया है। स्थानीय स्तर पर सिड़कुल में मज़दूरों के सामने छंटनी-बंदी, उत्पीड़न जैसी विकट समस्याएं हैं। ऐसे में हमें जुझारू एकता के साथ संघर्ष को आगे बढ़ाना है।

मोर्चा ने 23 मार्च को शाहीदे आज़म भगत सिंह की शहादत दिवस पर नए श्रम कानूनों के खिलाफ़ बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया है, ताकि बहरे कानों तक अपनी आवाज़ बुलंद की जा सके। किसान आंदोलन को समर्थन देने के साथ उसमे भागीदारी बढ़ाने का भी निर्णय बना।

श्रमिक संयुक्त मोर्चा की नवनिर्वाचित टीम-

श्रमिक संयुक्त मोर्चा, ऊधम सिंह नगर के चुनाव में सर्वसम्मत से अध्यक्ष दिनेश तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष दलजीत सिंह, उपाध्यक्ष प्रथम संजय कुमार यादव, उपाध्यक्ष द्वितीय चन्दन सिंह मेवाड़ी, महासचिव चन्द्र मोहन लखेड़ा, संयुक्त सचिव-i धीरज जोशी, संयुक्त सचिव-ii धर्मेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष ठाकुर सिंह, सह-कोषाध्यक्ष निरंजन लाल, संगठन सचिव पंकज सिंह सजवान, कार्यालय सचिव राजू सिंह, प्रचार सचिव पान मोहम्मद चुने गए।

इसके साथ मीडिया को सशक्त करने के लिए मीडिया टीम गठित हुई जिसमे श्री हरेन्द्र सिंह, कृष्ण नारायण झा, गंगा सिंह शामिल हैं। कोश के निरीक्षण के लिए तीन आडिटर क्रमशः दुर्गेश तिवारी, आनन्द तिवारी, वीरेन्द्र सिंह चुने गए।

संरक्षक मण्डल में कैलाश पाण्डेय, प्रमोद तिवारी व अजय कुमार निर्वाचित हुए। मोर्चा के सलाहकार मण्डल में दिनेश भट्ट, मुकुल, महेश रंजन मुखर्जी, के के बोरा, जनार्दन सिंह व गणेश मेहरा शामिल हैं।

कार्यकारिणी सदस्य के लिए सुरेश काण्डपाल, अविलाख, राम कुमार, जोगेंद्र लाल व दिनेश कुमार शामिल हैं।

चुनाव/बैठक में भागीदार यूनियन-

चुनाव प्रक्रिया व सभा में ब्रिटानिया श्रमिक संघ, पारले मजदूर संघ, भगवती श्रमिक संगठन, गुजरात कर्मकार यूनियन, एलजीबी वर्कर्स यूनियन, रॉकेट रिद्धि-सिद्धि कर्मचारी संगठन, एडिएंट कर्मकार यूनियन, टाटा मोटर्स श्रमिक संगठन, बीसीएच मजदूर संघ, ठेका मजदूर कल्याण समिति-पन्तनगर, करोलिया लाइटिंग इम्पलाईज यूनियन, याजाकी वर्कर्स यूनियन, शिरडी श्रमिक संगठन, सनसेरा श्रमिक संगठन, थाई सुमित नील ऑटो कामगार संगठन, इन्टरार्क मज़दूर संगठन-पन्तनगर, नेस्ले कर्मचारी संगठन, महिन्द्रा कर्मकार यूनियन, मंत्री मैटालिक्स वर्कर्स यूनियन, ऐरा श्रमिक संगठन, ऑटो लाईन इम्पलाईज यूनियन, मैटल मैंन माइक्रोटर्नल, बजाज मोटर्स कर्मकार यूनियन, एडविक कर्मचारी संगठन, राने मद्रास इम्पलाईज यूनियन, डेल्टा इम्पलाईज यूनियन, इन्टरार्क मजदूर संगठन-किच्छा, मज़दूर सहयोग केन्द्र, इंकलाबी मज़दूर केन्द्र, भारतीय मज़दूर संघ, राष्ट्रीय मज़दूर परिषद आदि संगठनों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।

श्रमिक संयुक्त मोर्चा-ऊधम सिंह नगर की पूर्ण कार्यकारिणी को हार्दिक शुभकामनायें।

भूली-बिसरी ख़बरे