यमुनानगर : श्रीराम प्लाईवुड फ़ैक्ट्री में एक मज़दूर की मौत

2_1604253341

फ़ैक्ट्री में खुलेआम सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हादसा

पांसरा के पास श्री राम प्लाइवुड फैक्टरी की छत से बिलासपुर एरिया के गांव दयालगढ़ निवासी जोनी(30 वर्षीय) नीचे गिरकर जख्मी हो गया। उसे ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जोनी के पिता सेवाराम ने आरोप लगाया है कि यह हादसा ठेकेदार रामरतन और फैक्टरी संचालक की लापरवाही से हुआ है। क्योंकि वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। जिससे उसका बेटा छत से नीचे आ गिरा। सदर यमुनानगर पुलिस ने इस शिकायत पर धारा-304ए में केस दर्ज किया है। वहीं शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। जोनी का एक बेटा है। सदर यमुनानगर थाना प्रभारी सुभाष चंद का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच कर रहे हैं।

जोनी अपने गांव के ही एक युवक के साथ पांसरा स्थित फैक्टरी में काम करने के रविवार को वह पहले दिन ही आया था। बताया जा रहा है कि यहां लगी लेबर को टिन की छत ठीक करने के लिए ऊपर चढ़ा दिया गया। जबकि उन्हें इस चीज का कोई अनुभव नहीं था। जोनी व अन्य मजदूर सुबह छत पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान जोनी नीचे आ गिरा। उसका सिर और मुंह जमीन पर जा लगा।

ठेकेदार रामरतन का कहना है कि कई कर्मचारी छत की टीन बदल रहे थे। जोनी काम करते-करते पुरानी टीनों के ऊपर चला गया। इसी दौरान टीन टूट गई और वह नीचे जा गिरा। इसके बाद उसे वहां से अस्पताल लेकर आए।ठेकेदार जोनी को लेकर अस्पताल पहुंचा था ।

यमुनानगर और जगाधरी इंडस्ट्री एरिया है। यहां मजदूरों की हादसे में मौत कोई नई बात नहीं है। फैक्टरियों में मजदूरों के साथ हादसे होते रहते हैं। इसका बड़ा कारण है कि उनकी सुरक्षा के वहां इंतजाम नहीं होते। मजदूरों को रखा किसी काम के लिए जाता है और बाद में उनसे हर तरह का काम लिया जाता है। जोकि उनकी मौत का कारण बनता है। लेबर की सुरक्षा को लेकर सरकारी विभाग भी कोई एक्शन नहीं उठाते। फैक्टरियों में जांच के नाम पर खानापूर्ति की जाती है।

दैनिक भास्कर से साभार

भूली-बिसरी ख़बरे