यमुनानगर: अखिल मेटल फैक्ट्री में कार्य के दौरान लिफ्ट टूटने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत

मृतक परिजन के अनुसार मृतक 2 सालों से फैक्ट्री में काम कर रहा था। फैक्ट्री मालिकों ने उसके मृत होने की सूचना नहीं दी गई। फोन करके उनके घर नहीं आने के बारे में पूछने पर पता चला।
यमुनानगर (हरियाणा)। यमुनानगर जिले के जगाधरी में जड़ौदा गेट स्थित अखिल मेटल फैक्ट्री में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसा काम करते समय लिफ्ट टूटने से हुआ। हादसे के शिकार मज़दूर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अच्छे लाल पुत्र रिंकू अमीन और रामपुर घाट गोपीगंज संत रविदास नगर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह पिछले 7 वर्षों से जगाधरी की गौशाला कॉलोनी में रहता था। उसके 3 बच्चे हैं। वह करीब 2 साल से जगाधरी की बर्तन फैक्ट्री में बर्तन बनाने का काम कर रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जगाधरी सिटी थाना प्रभारी जनक राज और DSP प्रमोद कुमार ने मामले की पुष्टि की।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को काम करते वक्त अचानक से लिफ्ट टूट गई, जिसके कारण अच्छे लाल नीचे गिर गया। उसे गहरी चोटें आईं। उसे फैक्ट्री मालिक और श्रमिकों द्वारा स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजन भरत लाल ने बताया कि अच्छे लाल पिछले 2 सालों से फैक्ट्री में काम कर रहा था। फैक्टरी मालिकों द्वारा उन्हें उसके मृत होने की सूचना नहीं दी गई। उन्होंने ही फोन करके उनके घर नहीं आने के बारे में फैक्ट्री मालिकों से पूछा था।
सूचना मिलने पर जब वह अस्पताल पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। उन्होंने अपने बयान पुलिस को दर्ज करवा दिए हैं।