दीवाली में अलग ढंग से संघर्ष को गति दे रहे हैं उपनल कर्मी और नगर निगम के पर्यावरण मित्र

हल्द्वानी में आंदोलित कर्मचारी दीवाली में कुछ अलग तरीके से प्रदर्शन के मूड में हैं। सरकार को आइना दिखा रहे कर्मचारी आंदोलन के दौरान अपना पर्व भी मनाएंगे।
हल्द्वानी (उत्तराखंड)। सरकार और प्रशासन की हठधर्मिता से कर्मचारियों का आंदोलन दीपावली में भी जारी है। जहाँ समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर बीते दो माह से से जहाँ उपनल कर्मियों का आंदोलन जारी है। वहीं हल्द्वानी नगर निगम के पर्यावरण मित्र बर्खास्त कर्मचारियों की कार्यबहाली के लिए धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
उपनल कर्मचारी आक्रोशित
राज्य के उपनल कर्मचारियों का आंदोलन समान कार्य-समान वेतन सहित विभिन्न माँगों को लेकर बीते दो माह से चल है। कर्मचारियों के धरना प्रदर्शन के 63 दिन पूरे हो गए हैं। कर्मचारी मांग पूरी होने तक धरना प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार पर डटे हुए हैं। डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी व राजकीय मेडिकल कालेज के सभी उपनल कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।
तिकोनिया स्थित बुद्ध पार्क में कर्मचारी नियमित रूप से सभा कर आंदोलन को धार दे रहे हैं। कर्मचारी मांग पूरी होने तक धरना प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार पर डटे हुए हैं। कर्मचारियों ने तय किया है कि दीवाली पर सभी शाम छह से सात बजे के बीच रानीबाग चित्रशिला घाट में दीया जलाएंगे।
पर्यावरण मित्र धरना स्थल पर मनाएंगे दीवाली
हल्द्वानी नगर निगम के पर्यावरण मित्र बर्खास्त कर्मचारियों के समर्थन में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। पर्यावरण मित्र बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली के लिए आंदोलित हैं। कर्मचारियों ने ऐलान किया है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता है, तब तक वह धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे।
पर्यावरण मित्रों ने तय किया है कि दीवाली पर्व पर वह धरना स्थल पर ही त्योहार मनाएंगे। पर्यावरण मित्र बीते 28 दिनों से धरना दे रहे हैं।