गुजरात अम्बुजा मज़दूरों के हक़ में उठी आवाज़
रुद्रपुर, (उत्तराखंड) । गुजरात अंबुजा प्रबंधन एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी के सांठगांठ द्वारा अम्बुजा के मजदूरों से अवैधानिक समझौता पत्र को रजिस्टर्ड कराने हेतु जबरन शपथ पत्र भरवाने के खिलाफ श्रमिक संयुक्त मोर्चा उधम सिंह नगर के नेतृत्व में कई फैक्ट्रियों की यूनियनों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा सहायक श्रम आयुक्त उधम सिंह नगर के माध्यम से कुमाऊं आयुक्त, नैनीताल एंव श्रम सचिव, उत्तराखंड शासन को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
3 सितम्बर को प्रेषित ज्ञापन में कहा गया कि गुजरात अम्बुजा का प्रबंधन गैर कानूनी रूप से मजदूरों से समझौता पंजीकृत कराना चाहता है। इसके खिलाफ गुजरात अम्बुजा के मजदूरों द्वारा एवं श्रमिक संयुक्त मोर्चे की यूनियनों व सामाजिक संगठनों ने सहायक श्रम आयुक्त महोदय उधम सिंह नगर से इस पर पूर्व में रोक लगाने हेतु एक ज्ञापन दिया था।
22 :08: 2020 को श्रम प्रवर्तन अधिकारी महोदया सितारगंज अपने स्टाफ के साथ गुजरात अंबुजा फैक्ट्री में पहुंची और मजदूरों को एक एक कर क्रांफ्रेंस हाल मे बुलाया। वहाँ मजदूरों को मजदूरों को डराया धमकाया गया ,और उनसे समझौता पत्र पंजीकृत कराने हेतु शपथ पत्र में साइन करने का दबाव डाला गया। साइन नहीं करने की दशा में नौकरी से हाथ धोने की धमकी दी गई। इस कार्यवाही का कुछ मजदूरों द्वारा विरोध किया गया तो कुछ मजदूर डरकर साइन कर दिए।
ज्ञापन में कहा गया कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी महोदया सितारगंज का यह कृत्य गैरकानूनी है। और अम्बुजा के प्रबंधकों के साथ सीधे सांठगांठ को प्रदर्शित करता है। प्रबंधकों के इशारे पर कार्य करने वाले श्रम विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाही करने एवं इन अधिकारियों कि वह इनके परिजनों की चल अचल संपत्ति की जांच की मांग की गई। समझौते पत्र को पंजीकृत कराने हेतु जबरन साइन कराये हुए दस्तावेजों को नष्ट करने की भी मांग की गई।
ज्ञापन देने वालों में इंटरार्क मजदूर संगठन पंतनगर से सौरभ कुमार, बजाज मोर्टस यूनियन से चंदन मेवाड़ी, एलजीबी वर्कर्स यूनियन से पूरन पांडे, भगवती श्रमिक संगठन माइक्रोमैक्स से ठाकुर सिंह, महिंद्रा कर्मकार यूनियन से चंद्र शेखर उपाध्याय, ऑटो लाइन एंप्लाइज यूनियन के विपिन गुर्रानी, यजाकी वर्कर यूनियन के रविंद्र कुमार, इन्टरार्क मजदूर संगठन किच्छा के पान मोहम्मद, श्रमिक संयुक्त मोर्चा अध्यक्ष दिनेश तिवारी, वोल्टास यूनियन से दिनेश चंद, पारले मजदूर संघ के प्रमोद तिवारी, ब्रिटानिया श्रमिक संघ के अर्जुन सिंह, ब्रिटानिया कर्मकार यूनियन के पूरन सिह, नेस्ले कर्मचारी संगठन के चंद्रमोहन लखेडा, नेस्ले मजदूर संघ के राजेंद्र सिंह , राकेट रिद्धि सिद्धि कर्मचारी संघ के रमेश चंद्र ,मंत्री मेटल्स यूनियन के निरंजन लाल ,एडविक कर्मचारी संगठन के राजू सिंह, शिरडी श्रमिक संगठन के मनोज जोशी, मजदूर सहयोग केंद्र के मुकुल, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के शिवदेव सिंह, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की वंदना, इंकलाबी मजदूर केंद्र से दिनेश भट्ट आदि शामिल रहे।