ऊना : पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट; एक बच्ची समेत 6 महिलाओं की दर्दनाक मौत, 14 घायल गंभीर

unaa_vishfot

महिलाएं करीब एक घंटे तक आग में जलती रहीं। मृतकों में अपनी माँ के साथ मौजूद तीन साल की बच्ची भी जलमरी। 10 महिलाओं को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

हिमाचल प्रदेश के ऊना में टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के बाथू में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में एक बच्ची समेत कम से कम 6 महिला मजदूरों की मौत हो गई और 14 गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसा आज 22 फरवरी सुबह करीब 10:15 बजे हुआ। 18 महिलाओं समेत कुल 20 मजदूर आग की चपेट में आ गए। इनमें से 6 महिलाओं की जिंदा ही बुरी तरह जल जाने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक तीन साल की बच्ची भी शामिल है और वह ब्लास्ट के दौरान अपनी मां के साथ थी।

आग बुझाने के बाद शवों पर डाले गए कपड़े।

10 महिलायें गंभीर, पीजीआई चंडीगढ़ रेफर

आग की चपेट में आकर घायल होने वालों में 12 महिलाएं और दो हेल्पर का काम करने वाले पुरुष हैं। 14 घायलों में 80% तक जल चुकीं 10 अन्य महिलाओं की हालत भी बेहद गंभीर है। इन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। बाकी का इलाज ऊना के अस्पताल में ही चल रहा है।

एक घंटे तक आग में जलती रहीं, कोई बचाने वाला नहीं

मृतक महिलाएं करीब एक घंटे तक आग में जलती रहीं, और उन्हें किसी ने नहीं बचाया। करीब 11:30 बजे फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

हादसे के समय 25 से ज्यादा कर्मचारी फैक्टरी में काम कर रहे थे। अचानक धमाके के बाद आग लगने पर कुछ लोग तो बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन 20 लोग आग की चपेट में आ गए। वे तेजी से फैली आग में बुरी तरह घिर गईं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में पहुंचाया गया। 

धर्म कांटे की आड़ में चल रही थी फैक्टरी

इस औद्योगिक क्षेत्र में पहले धर्म कांटा बनाने का काम चलता था। बीते करीब 7-8 महीने से इस जगह पर अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम चल रहा था। इस दौरान सुरक्षा मानकों का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा जा रहा था।

पहले भी लग चुकी है आग, मामला दब गया था

पहले भी फैक्ट्री में आग लगने की घटना हो चुकी है। उस समय मामले को दबा दिया गया था। अब दोबारा ब्लास्ट होने के बाद उद्योग विभाग पल्ला झाड़ रहा है कि पटाखा फैक्टरी औद्योगिक क्षेत्र से बाहर किसी ग्रामीण की निजी भूमि पर चल रही है।

धमाके के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी और स्थानीय लोग।

सभी पीड़ित प्रवासी मजदूर हैं

हादसे के सभी घायल दूसरे राज्यों से आए प्रवासी मजदूर हैं और इस पटाखा फैक्ट्री में कुछ समय से काम कर रहे थे। सभी श्रमिक ऊना के संतोखगढ़ में रह रहे हैं। मृतक शवों की अभी पहचान नहीं हुई है।

हादसे में झुलसे लोगों की पहचान नरासरा पुत्री नूरा संतोखगढ़ ऊना, लसरत पत्नी अली हुसैन संतोखगढ़ ऊना, हसगिरी पत्नी नूरा संतोखगढ़ ऊना, जूशी पुत्र चंद्रपाल हरोली ऊना, नसरीन पत्नी सलीम संतोखगढ़ ऊना, शकीला पत्नी नवी हुसैन संतोखगढ़ ऊना, इसरत पत्नी मोहम्मद मोबिन संतोखगढ़ ऊना, अशमा पत्नी मालू संतोखगढ़ ऊना, नतिशा अब्दुल जावेद संतोखगढ़ ऊना, मुस्कान पुत्री छोटे सलीम संतोखगढ़ ऊना, जाफरी पत्नी नूर मोहम्मद संतोखगढ़ ऊना, फारा पुत्री सागीर संतोखगढ़ ऊना तथा जशेल पुत्र बरठी होली के तौर पर हुई है।

हादसे के बाद मृतकों के परिजन मौके पर जुटने शुरू हो गए हैं और घटनास्थल पर मातम का माहौल है। परिजन और मृतकों के आश्रित अपनों को तलाश रहे हैं।