दो हादसे: रेल फैक्ट्री कानपुर व ऑटो पैकिंग फैक्ट्री बहादुरगढ़ में 3 मज़दूरों की मौत; 5 गंभीर

0
0

मुनाफे की आंधी हवस में असुरक्षित परिस्थितियों में काम कराने से फैक्ट्रियों में हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। ताजा घटनाएं अलग-अलग कानपुर देहात (यूपी) व बहादुरगढ़ (हरियाणा) की है।

कानपुर देहात में रेलवे पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में दो मज़दूरों की मौत हुई, एक गंभीर है तो बहादुरगढ़ में रोल मशीन की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई, चार घायल हैं।

उत्तरप्रदेश : निर्माणाधीन रेल इंजन का लोहे का ढांचा गिरा; दो की मौत, एक गंभीर

कानपुर देहात। रेलवे के पार्ट्स बनाने वाली ट्राइडेंट ऑटो यूनिट प्राइवेट लिमिटेड में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों पर भारी भरकम गाटर गिर गया। बताया जा रहा है कि कंपनी का ठेकेदार जगत बिना इंश्योरेंस सेफ्टी गार्ड के मजदूरों से काम करा रहा था। घटना के बाद से मालिक, मैनेजर और ठेकेदार फरार हो गए हैं।

कानपुर देहात के रनियां चौकी क्षेत्र खानचंद्रपुर-बिंवाइन मार्ग पर संचालित फैक्ट्री में शनिवार को रेल का एक इंजन तैयार किया जा रहा था। निर्माणाधीन रेल के इंजन का लोहे का ढांचा गिरने से तीन मजदूर दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को निजी वाहनों से कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां दो मजदूरों को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि तीसरे की हालत चिंताजनक है और एक पैर कट चुका है।

मृतकों में तातमऊ शिवली के सौरभ (20) पुत्र प्रेमनारायण कश्यप व महेंद्र (22) पुत्र दुर्गा प्रसाद राजपूत हैं, जबकि सूरज पुत्र देशराज निवासी सरांय हरपाली थाना अकबरपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने फैक्ट्री में जमकर बवाल किया। परिजनों ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही से दो की जान गई है। घायल मजदूर का पैर कट गया है। मदद तक नहीं की गई। परिजनों ने बताया कि 300 रुपए में 12 घंटे तक काम कराया जा रहा था।

घटना के बाद फैक्ट्री में चीख-पुकार मच गई। काम कर रहे मजदूर लोहे के नीचे दबे साथियों को निकाल। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा सभी घायलों को निजी वाहनों से कानपुर के अस्पताल उपचार के लिए भिजवाया गया।

जहां डॉक्टरों ने सौरभ तथा महेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूरज की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना की जानकारी पर परिजनों के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने हंगामें के साथ जमकर बवाल काटा।

हरियाणा : मशीनरी की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत, चार श्रमिक घायल

बहादुरगढ़ के नजदीकी रोहद इण्डस्ट्रियल एरिया की चारमीनार ज्यांटिंग प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। रोल मशीन की मेंटेनेंस के दौरान भारी भरकम मशीनरी की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई और चार श्रमिक घायल हो गए। घायलों का उपचार शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है।

हादसे के वक्त फैक्ट्री के पांच कर्मचारी और मेंटेनेंस करने वाले कर्मी साथ मिलकर काम कर रहे थे। इसी दौरान प्रेसर से मशीन का भारी भरकम हिस्सा निकलकर सीधा जयप्रकाश को जा लगा। कर्मचारी जयप्रकाश के साथ ही चार अन्य कर्मचारी भी उसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

थाना प्रभारी ने बताया कि फैक्ट्री में ऑटोमोबाइल पैकिंग का सामान बनता था। मशीन पर काम करते हुए कोई सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया इसलिए इस मामले में फैक्ट्री मालिक के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 337, 304 ए और 287 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

फैक्ट्री के इस दर्दनाक हादसे में जाखोदा गांव के रहने वाले जयप्रकाश की मौत हो गई है। वहीं उत्तरप्रदेश के रहने वाले अब्दुल, सहाबुद्दीन, करीमुद्दीन और सोनीपत का गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए है।