कन्नौज की मच्छरमार अगरबत्ती फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव; 2 महिलाओं की मौत, 2 गंभीर

Kannauj_faictory_hadasa

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मच्छर भगाने वाली एक अगरबत्ती फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा हुआ है। फैक्ट्री में जहरीली गैस के रिसाव के कारण 2 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं 2 महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि मृतकों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। दूसरी की शादी आगामी 25 फरवरी को होने वाली थी। दोनों घायल महिलाओं का इलाज कानपुर के निजी अस्पताल में उनके परिजन द्वारा कराया जा रहा है।

घटना कन्नौज के मौसमपुर मौरारा गांव की है जहां देवास ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फैक्ट्री में जहरीली गैस के रिसाव हुआ। इस फैक्ट्री में करीब 70-80 की तादाद में लोग मजदूरी करते हैं। मजदूरों में महिलाओं की संख्या ज्यादा है। गैस रिसाव की घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

दरअसल मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती में एक स्टोन के पाउडर को घोलकर करके अगरबत्ती में लगाते है। कभी-कभी पाउडर को घोलते वक्त इसमें एक गैस बनती है जो जहरीली होती है। ज्यादा मात्रा में गैस निकलने की वजह से यह हादसा हुआ है।

जाहीर है कि असुरक्षित परिस्थितियों में काम कराने से ऐसे हादसे होने की संभावना बनी रहती है।

काम के दौरान हुई घटना

गुरुवार शाम को इस अगरबत्ती फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव हुआ। इससे गौरी, प्रिया समेत 4 महिलाओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इलाज करने की जगह उन्हें घर भेज दिया गए। घर से गौरी को इलाज के लिए कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान आज शुक्रवार को दोपहर 1 बजे उसने दम तोड़ दिया।

वहीं प्रिया का इलाज स्थानीय अस्पताल में करवाया गया और अस्पताल द्वारा उसे घर भेज दिया गया। लेकिन शुक्रवार की सुबह होते ही करीब 9 बजे उसने भी दम तोड़ दिया। जबकि दो अन्य महिलाओं का इलाज अभी चल रहा हैं।

फायर ब्रिगेड के अनुसार टीम के 2 लोगों ने अंदर जाकर पानी छिड़क कर हवा में फैली जहरीली गैस के रिसाव को कम करने की कोशिश की। हालांकि सवाल यह है कि फैली गैस इतनी गहरी थी तो पीड़ित महिला श्रमिकों को घर क्यों भेजा गया?

प्रिय थी गर्भवती, 25 फरवरी को थी गौरी की शादी

मृतकों में शामिल गौरी की शादी आगामी 25 फरवरी को होने वाली थी। गौरी के पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी, गौरी का एक छोटा भाई है, जो ड्राइवर है। मां घर में अकेली रहती है। एक छोटे से कमरे में यह पूरा परिवार जैसे तैसे अपना जीवन व्यतीत कर रहा था।

गौरी के घर से ही थोड़ी दूर पर उसकी दूसरी साथी महिला प्रिया रहती थी। प्रिया दो महीने की गर्भवती बताई जा रही है। प्रिया का पति भी मजदूरी करता है।

प्रशासन के बोल

पुलिस के मुताबिक किसी जहरीली गैस के रिसाव के कारण यह हादसा हुआ है, जिसमें दो महिलाओं की मौत हुई है जबकि 2 महिलाओं का इलाज कानपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया है। फैक्ट्री की जांच हो रही है।

किसी भी फैक्ट्री के हर हादसे के बाद प्रशासन के यही बोल होते हैं, मुनाफे की अंधी हवस में हादसे होते रहते हैं और मज़दूरों की जान जाति रहती है, या अंग-भंग होते रहते हैं। किसी पर कोई फ़र्क नहीं पड़ता।

भूली-बिसरी ख़बरे