पेपर फ़ैक्ट्री में मशीन में पीसकर मज़दूर की दर्दनाक मौत
चलती मशीन की चपेट में आया मज़दूर
कस्बे के रीको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक पेपर फैक्ट्री की मशीन की चपेट में आने से एक श्रमिक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद सूचना पर कस्बे थाना प्रभारी धर्म सिंह मय जाप्ते मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार कस्बे के रीको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ओसवाल पेपर फैक्ट्री में गांव समना तहसील लाडनूं जिला नागौर निवासी श्रमिक नरेंद्र (27 ) पुत्र पर्वत सिंह राजपूत शुक्रवार सुबह मशीन पर काम कर रहा था। इस दौरान श्रमिक नरेंद्र चलती मशीन की चपेट में आ गया। घटना के बाद फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों ने घायल नरेंद्र को चौमू अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।
-घटना के बाद थाना प्रभारी धर्म सिंह फैक्ट्री में पहुंचे और जिस मशीन पर हादसा हुआ था, वहां पर मौका मुआयना किया। इस दौरान पुलिस ने फैक्ट्री के अन्य श्रमिकों से पूछताछ भी की। थाना प्रभारी ने बताया कि श्रमिक का चलती मशीन में पहले हाथ आया था ।उसके बाद उसका पूरा शरीर मशीन की चपेट में आ गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिवारजनों ने अभी तक थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई है।
श्रमिकों ने बताया कि शुक्रवार सुबह औद्योगिक क्षेत्र में हुआ हादसा औद्योगिक क्षेत्र का पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी औद्योगिक क्षेत्र की कई फैक्ट्रियों में कई श्रमिक हादसों में अपनी जान गवां चुके हैं। एक फैक्ट्री को स्थापित कर शुरू करने में जब करोड़ों रुपए खर्च हो जाते हैं,तो उसी फैक्ट्री में वहां काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा के लिए इंतजामात क्यों नहीं किए जाते। जिन मशीनों के थोड़े बहुत संपर्क में आने से श्रमिक की जान को खतरा हो सकता है। उन फैक्ट्रियों की मशीनों पर सुरक्षा के कोई उपाय नजर नहीं आते। श्रम विभाग एवं प्रशासन भी आंख मूंद कर बैठा रहता है।
श्रमिक की मौत की खबर मिलने पर परिवारजन भी मौके पर पहुंचे। परिवार के लोग सभी सदमे में नजर आ रहे थे। सभी की हालत ऐसी हो रही थी कि कुछ पूछने पर भी परिवार के लोग बोलने की स्थिति में नहीं थे तथा सभी की आंखें नम नजर आ रही थी। परिवार के लोगों ने बताया कि नरेंद्र का करीब 3 माह बाद विवाह होना था।
दैनिक भास्कर से साभार