सोनीपत: जेबीएम मारुति में कार्य के दौरान 20 फिट ऊंचाई से गिरकर मज़दूर की दर्दनाक मौत

मृतक मज़दूर सूरज डीके कंपनी के माध्यम से जेबीएम मारुति में कार्यरत था। दुर्घटना के समय वह काफी ऊंचाई पर काम कर रहा था। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण यह हादसा हुआ।
सोनीपत (हरियाणा)। आईएमटी खरखौदा स्थित जेबीएम मारुति कंपनी की छत से एक युवा मज़दूर फिसलकर नीचे गिर गया। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। मृतक युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया। उनके आने पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
मृतक की पहचान सूरज (23) के रूप में हुई है। वह यूपी का रहने वाला था। सूरज मारुति कंपनी में फिनिशिंग का काम करता था। हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सूरज करीब 20 फीट ऊंचाई से गिरा था।
सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सूरज डीके कंपनी के माध्यम से जेबीएम मारुति में मजदूर के रूप में कार्यरत था। दुर्घटना के समय वह काफी ऊंचाई पर काम कर रहा था। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण यह हादसा हुआ। अविवाहित सूरज अपने परिवार का एकमात्र सहारा था।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। शव को खरखौदा के नागरिक अस्पताल में रखा गया है। परिजनों के आने और उनके बयान के बाद ही पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। जैसा हर हादसे के बाद होता है, पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।