आठ माह से नहीं मिला वेतन; वन विभाग के अस्थाई कर्मचारियों ने डीएफओ कार्यालय का किया घेराव

रामनगर वन प्रभाग में आउटसोर्स और उपनल के तहत तैनात 129 कर्मचारियों को 8 माह से वेतन नहीं मिला है। नाराज कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन से आवाज बुलंद की।
रामनगर, नैनीताल। उत्तराखंड वन विभाग के दैनिक कर्मचारियों को पिछले 8 महीनों से वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे उनके सामने विकट समस्याएं खड़ी हो गई हैं। ऐसे में कर्मचारियों ने रामनगर डीएफओ कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। कर्मचारियों के जोरदार प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों को डीएफओ दीगांत नायक ने मिलने के लिए बुलाया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने काम बंद करने की चेतावनी दी।
दरअसल उत्तराखंड वन विभाग में अधिकतर आउटसोर्स और उपनल कर्मचारियों के भरोसे काम चल रहा है। जंगलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी इन्हीं अस्थाई कर्मचारियों के कंधों पर है। दैनिक कर्मचारियों को जंगली की गश्ती से लेकर चौकियों पर निगरानी का काम करना पड़ता है।
रामनगर वन प्रभाग में आउटसोर्स और उपनल के तहत तैनात 129 कर्मचारियों को 8 माह से वेतन नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों को परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। लगातार वेतन की मांग के बावजूद सरकार ने मामले का संज्ञान नहीं लिया।
ऐसे में कर्मचारियों ने आंदोलन की राह पकड़ी और डीएफओ कार्यालय पर प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। तब जा कर शासन की नींद खुली है।
सचिव आरके सुधांशु ने वेतन नहीं मिलने को बहुत गंभीर मुद्दा माना। उन्होंने कहा कि मीडिया के जरिए मामला पहली बार संज्ञान में आया है। उन्होंने जांच के बाद दैनिक कर्मचारियों को वेतन दिलाने का आश्वासन दिया।
अब यह आश्वासन ही रहता है या कर्मचारियों को वेतन का भुगतान होता है। हालांकि कर्मचारी आंदोलन की कमर कस चुके हैं।