दो माह से वेतन बकाया; पालिका कर्मियों ने जताया विरोध, सफाई कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार

0
0

दो माह से बकाया वेतन की मांग को लेकर पहुंचे कर्मचारियों को पालिका के ईओ ने बजट नहीं होने की बात बताई। जिस पर कर्मचारी भड़क उठे।

नैनीताल। बीते दो माह से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण पालिका कर्मचारी विरोध पर उतर आए हैं। देव भूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारियों ने तो कार्य बहिष्कार भी शुरू कर दिया है। दोपहर को कर्मचारियों ने ईओ से वार्ता कर जल्द वेतन देने की मांग की। साथ ही चेताया कि यदि भुगतान नहीं किया गया तो कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

जानकारी के मुताबिक बजट के संकट के चलते पालिका ने बीते दो माह से कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं किया है। ऐसे में कर्मचारियों का घर चलाना दूभर हो गया है। पूर्व में दो बार कर्मचारियों की वार्ता के बाद पालिका प्रबंधन ने वेतन भुगतान का आश्वासन दिया, मगर वेतन का भुगतान नहीं कर सकी। वही इसको लेकर अब कर्मचारी विरोध पर उतर आए हैं। बुधवार को देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष धर्मेश प्रसाद सचिव सोनू सहदेव के नेतृत्व में पर्यावरण मित्रों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है। दोपहर को संघ पदाधिकारी अशोक वर्मा से वेतन की मांग को लेकर वार्ता करने पहुंचे। जहां ईओ ने कर्मचारियों को बजट नहीं होने की बात बताई। जिस पर कर्मचारी भड़क उठे। इस दौरान कर्मचारियों की ईओ से जमकर तनातनी भी हुई। कर्मचारियों ने कहा कि बीते दो माह से स्थाई और आउटसोर्स कर्मियों को भुगतान नहीं हुआ है।

वहीं तीसरा माह भी समाप्त होने की ओर है। कर्मचारियों ने तीन माह का एकमुश्त वेतन जारी करने की मांग की। साथ ही चेताया कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो कार्य बहिष्कार इसी तरह जारी रहेगा और कर्मचारी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इधर मामले में ईओ ने बताया कि फिलहाल पालिका के पास वेतन देने के लिए बजट नहीं है। जल्द वह बजट की मांग को लेकर शासन जाएंगे। बताया कि सोमवार तक कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर कोई ना कोई हल निकाल लिया जाएगा।

जागरण से साभार