रुद्रपुर: डेना इंडिया में 4 साल के लिए ग्रास में ₹17000 का वेतन समझौता

समझौता प्लांट के भीतर द्विपक्षीय वार्ता में सम्पन्न हुआ था। स्थाई श्रमिकों के लिए वेतन बढ़ोत्तरी के साथ बोनस, अवकाश, अग्रिम वेतन पर भी सहमति बनी थी।
पंतनगर (उत्तराखंड)। अशोक लेलैंड की वेंडर कंपनी डेना इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में यूनियन और प्रबंधन के बीच द्विपक्षीय वार्ता में सहमति के बाद 4 साल के लिए ग्रास में रुपए 17000 की वेतन वृद्धि तथा अन्य सुविधाओं पर समझौता सम्पन्न हो चुका है।
डेना इंडिया श्रमिक संघ के अनुसार यूनियन ने 22 दिसम्बर 2023 को माँग पत्र लगाया था। जिस पर कंपनी के भीतर ही कई दौर की द्विपक्षीय वार्ताएं चली। अंत में 4 साल के लिए समझौता पर सहमति बनी। पिछले समझौते की तरह इस बार भी समझौता प्लांट के अंदर ही हुआ जो 28 मार्च 2024 को सम्पन्न हुआ था।
समझौते के मुख्य बिन्दु-
- समझौता 4 वर्ष (1अप्रैल2024-31मार्च2028 तक) के लिए है।
- वेतन बृद्धि ग्रास में ₹17000 मासिक है।
- पहले साल ₹6000, दूसरे साल ₹5000 तथा तीसरे व चौथे साल ₹3000 बढ़ोत्तरी होगी।
- बोनस के प्रतिवर्ष ₹1000 की बढ़ोत्तरी होगी।
- अवकाश में 4 पीएल बढ़ेगा।
- जरूरत पर अग्रिम राशि 2 सेलरी मिलेगी।
ज्ञात हो कि डेना इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, रुद्रपुर हैवी ट्रैक्टर बनाने वाले अशोका लेलैंड के लिए एक्सेल बनाने का काम करती है। यूनियन बीएमएस से सम्बद्ध है। यह समझौता यूनियन सदस्यों पर ही लागू होगा।