राजस्थान : इंडिया सीमेंट फैक्ट्री में बड़ा हादसा 13 मज़दूर गंभीर रूप से घायल

घायलों की चीख पुकार सुनकर सीमेंट फैक्ट्री में मौजूद अन्य अधिकारी और कर्मचारी वहां पर पहुंचे और सभी घायलों को वाहनों से एमजी चिकित्सालय पहुंचाया गया।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र के वजवाना में स्थित द इंडिया सीमेंट फैक्ट्री में आज बुधवार सुबह काम करते समय बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 13 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे फैक्ट्री में अफर-तफरी मैच गई।
घायलों की चीख पुकार सुनकर सीमेंट फैक्ट्री में मौजूद अन्य अधिकारी और कर्मचारी घटना स्थल पहुंचे और आनन-फानन में सभी घायलों को वाहनों से एमजी चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां से 3 श्रमिकों को दूसरे चिकित्सालय स्थानांतरित किया जा रहा है।
हादसा वजवाना क्षेत्र में स्थित द इंडिया सीमेंट फैक्ट्री में काम करते समय कोटिंग गिरने से हुआ। काम करते समय फैक्ट्री में हुए हादसे में कई मजदूर गंभीर घायल हो गए।
घटना की सूचना के बाद चिकित्सालय में डीएम, एसपी और डीएसपी पहुंचे और सभी घायलों से हादसे की जानकारी ली। चिकित्सकों को अधिकारियों ने बेहतर और जल्द इलाज करने के निर्देश दिए।
मीडिया से डीएम बांसवाड़ा अंकित कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह वजवाना गांव में स्थित इंडिया सीमेंट फैक्ट्री में हादसा हो गया, जिसमें 13 मज़दूर घायल हो गए हैं। 10 घायल एमजी चिकित्सालय में भर्ती हैं। उनका इलाज किया जा रहा है। वहीं अन्य 3 घायलों को भी वहां से अन्य चिकित्सालय में शिफ्ट किया जा रहा है।