पुणे: स्पार्कलिंग मोमबत्ती फैक्ट्री में आग; 7 श्रमिकों की मौत, आधा दर्जन गंभीर रूप से झुलसे

0
0

मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घायलों में महिलायें भी। ज़ख्मी पुणे व पिंपरी चिंचवड के अस्पतालों में भर्ती। घटना में लोग तेज आग की लपटों में घिर गए, पूरे इलाके में कोहराम मच गया।

महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड़ इलाके में शुक्रवार को स्पार्कलिंग मोमबत्ती बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई। आशंका है कि ये आंकड़े बढ़ भी सकते हैं। करीब आधा दर्जन गंभीर रूप से झुलस गए। जख्मियों को पुणे और पिंपरी चिंचवड इलाके के विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं।

घटना करीब तीन बजे की है। सामने आई जानकारी में मुताबिक, आग फैक्ट्री के गोदाम में लगी थी, जहां से धीरे-धीरे पूरी फेक्ट्री में फैल गई। इससे इमारत में मौजूद सारा सामान जलकर खाक हो गया। फैक्ट्री में आग लगने के बाद लोग तेज आग की लपटों में घिर गए, पूरे इलाके में कोहराम मच गया।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें से सात लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ये सभी मजदूर केक पर जलने वाली फायर (स्पार्कल) मोमबत्तियां बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते थे। मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही इनकी जानकारी जुटाकर परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया चल रही है।

जानकारी के मुताबिक, इस फैक्ट्री में मोमबत्तियां बनाई जाती थीं, जिन्हें जन्मदिन पर इस्तेमाल किया जाता था। ये मोमबत्तियां जलने के बाद एक छोटे अनार पटाखे की तरह नजर आती थी।

मालूम चला है कि, इन मोमबत्तियों को पोटाश के इस्तेमाल से तैयार किया जाता था, जिस वजह से गोदाम में रखी मोमबत्तियों में तेज से आग फैली होगी, नतीजन ये दर्दनाक हादसा पेश आया।