प्रोटेरिअल (हिताची) ठेका मज़दूर हड़ताल : प्रबंधन द्वारा भीषण गर्मी में लाइट और पंखा बंद करने से 3 मजदूर बेहोश होकर अस्पताल में भर्ती

01 जूलाई, मानेसर |प्रोटेरिअल कंपनी द्वारा ठेकेदार के साथ मिलकर कंपनी के अंदर ठेका मजदूरों की जारी हड़ताल के दौरान धरना स्थल की लाइट और पंखा काट दिया है। कमरे के अंदर भीषण गर्मी और उमस होने की वजह से तीन मजदूर बेहोश होकर गिर गए, जिन्हें सेक्टर 3 के ईएसआई अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

गौरतलब है कि 30 जून को 2.30 बजे बी शिफ्ट के शुरू होने के साथ प्रोटेरिअल कंपनी के ठेका मज़दूर हड़ताल में कंपनी के अन्दर बैठ गए थे। पिछले एक साल से संघर्ष में रहे ठेका मज़दूर काम की सुरक्षा, बेहतर वेतन और स्थायी काम पर स्थाई रोज़गार के लिए लड़ रहे हैं। इसके प्रतिक्रिया में प्रबंधन मज़दूरों को लगातार परेशान कर रहा है। ओवर टाइम करने का दबाव बनाना, काम की जगह बदलना इत्यादि प्रबंधन के पुराने पैंतरे रहे हैं।
इस क्रम में, 29 जून को प्रोटेरिअल प्रबंधन ने 5 मज़दूरों की एकाएक बी शिफ्ट बदल कर ए शिफ्ट कर दी। मज़दूरों ने इस मनमानी पर सवाल खड़ा किया और अचानक शिफ्ट बदलने से इनकार कर दिया। जब वह मज़दूर नियमित रूप से बी शिफ्ट में काम करने आए तो उनका गेट बंद कर दिया गया। अपने साथियों के प्रतिरोध में ए शिफ्ट के मज़दूर काम रोक कर अन्दर बैठ गए और बी शिफ्ट के मज़दूर भी उनके साथ शामिल हो गए। सी शिफ्ट के श्रमिक गेट के बाहर धरने पर बैठे हैं।