यूनियन बनाते ही पीडीपीएल ने नाम बदला मजदूरों को किया गेट आउट, मज़दूर उतरे संघर्ष में

परफेक्ट डायनामिक्स हुआ समाज औटोमोटिव प्राइवेट लिमिटेड। नए मालिक ने मजदूरों से यूनियन छोड़कर नई नियुक्ति पर काम करने का दबाव बनाया और मज़दूरों का गेट बंद कर दिया।
पंतनगर (उत्तराखंड)। यह अजीब दास्तान है कि जहां भी मज़दूर संगठित होते हैं और अपनी यूनियन बनाते हैं तो मालिकों का दमन तेज हो जाता है। अभी ताजा घटना पीडीपीएल कंपनी का है, जहाँ कंपनी ने नाम बदलकर मज़दूरों का गेट बंद कर दिया।
दरअसल, परफेक्ट डायनामिक्स प्राइवेट लिमिटेड (पीडीपीएल) में बीते दिनों मजदूरों ने अपनी यूनियन पंजीकृत कराई। उसके बाद से ही प्रबंधन का दमन बढ़ने लगा और अंततः मालिकों ने कंपनी का नाम (मालिकाना) ही बदलकर नई कंपनी समाज औटोमोटिव, प्राइवेट लिमिटेड कर दिया।
नए मालिक और प्रबंधन ने मजदूरों से कहा की पुरानी कंपनी बिक गई है, अब यह नई कंपनी है। यहां यूनियन नहीं चलेगी। सारे मजदूर यूनियन छोड़कर कंपनी से त्यागपत्र देकर नई नियुक्ति पर काम करें। मौखिक रूप से प्रबंधन की इस चर्चा को मजदूरों ने नकार दिया तो प्रबंधन ने गेटबंदी का सहारा लिया।
मजदूर जब 21 अप्रैल को अपनी ड्यूटी पर कंपनी पहुंचे तो गेट पर उनकी नो एंट्री लग गई थी। प्रबंधन ने स्पष्ट रूप से कहा कि न तो यहाँ पुरानी कंपनी है और ना ही पुराने मजदूर चाहिए।
इसके बाद आक्रोशित मजदूरों ने कंपनी गेट पर ही धरना शुरू कर दिया। साथ ही श्रम विभाग में सहायक श्रम आयुक्त का घेराव किया और पत्र दिया। फिलहाल सहायक श्रम आयुक्त ने सोमवार 24 अप्रैल को प्रबंधन को वार्ता के लिए बुलाया है।
यूनियन द्वारा सहायक श्रम आयुक्त को दिए गए पत्र में लिखा है कि उपरोक्त फैक्ट्री में स्थाई और ठेका श्रमिकों को मिलाकर 450 से अधिक श्रमिक कार्य करते हैं। कंपनी में श्रम कानूनी प्रावधानों के तहत परफेक्ट डायानामिक्स मजदूर यूनियन नाम से स्थाई श्रमिकों की यूनियन पंजीकृत है जोकि एकटू से संबंध है।
यूनियन द्वारा कंपनी से बीते दिनों एक वेतन समझौता किया गया था जोकि पंजीकृत हुआ है और यूनियन को मान्यता मिली थी। उक्त कंपनी के मालिकों द्वारा मनमाने तरीके से कंपनी का मालिकाना बदलकर समाज औटोमोटिव प्राइवेट लिमिटेड कर दिया गया है।
आज (21 अप्रैल) सुबह 6:30 बजे यह मजदूर अपने कार्य पर गए तो उनका गेट बंद कर दिया गया था। मजदूरों ने एएलसी से अवैध ग्रेट बंदी को खुलवाने का अनुरोध किया है। जिसके बाद एएलसी ने कंपनी को नोटिस भेजा है।
फिलहाल मजदूरों का कंपनी गेट पर धरना जारी है।