पानीपत की कंबल फ़ैक्ट्री में लगी भीषण आग

प्रदूषण से लोगों की आंखों में जलन, इलाके में दहशत
पानीपत में सोमवार को एक कंबल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। घटना सनौली रोड देवीपुरी कॉलोनी की सुबह करीब 7 बजे की है। कंबल फैक्ट्री और गोदाम का शटर बंद था। अंदर भयंकर आग लगने के कारण दीवारों से धुआं और लपटें बाहर निकल रही थी।
सूचना मिलने पर सबसे पहले फैक्ट्री मालिक और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री में रखे फायर स्ट्रिंगर से आग बुझाने का प्रयास किया, नाकाम रहे। दमकल विभाग को सूचना दी गई। फैक्ट्री से कंबल सहित कच्चा माल बाहर निकाला गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आस पास के लोग भी बाहर आ गए।
चंद मिनटों में दमकल टीम मौके पर पहुंची। फैक्ट्री का शटर उखाड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया गया। तब तक काफी माल जलकर राख और मशीन बेकार हो चुकी थी। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फैक्ट्री मालिक ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया। नुकसान कितना हुआ, इसका अनुमान नहीं लग सका है।
दैनिक भास्कर से साभार