रुद्रपुर: महिलाओं के नेतृत्व में इंटरार्क मज़दूरों के हक़ के लिए आज होगी पदयात्रा

इंटरार्क विवाद में प्रशासन अपने ही समझौते से मुकर रहा है। PDPL, जायडस, माइक्रोमैक्स के मजदूर गैरकानूनी छँटनी- बंदी के शिकार हैं, प्रशासन मौन है। तो एकजुट संघर्ष जरूरी है।
रुद्रपुर (उत्तराखंड)। इंटरार्क मजदूरों के परिवार की महिलाओं द्वारा मजदूरों व क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर 7 मई 2023 को शाम को 4 बजे से अम्बेडकर पार्क रुद्रपुर में सभा कर 5:30 बजे से जिलाधिकारी आवास तक पदयात्रा निकालने और निर्णायक आंदोलन करने को पहल ली गई है।
इंटरार्क मजदूर संगठन ने बताया कि इंटरार्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड सिडकुल पन्तनगर एवं किच्छा जिला ऊधमसिंह नगर के प्रबंधन द्वारा कंपनी में कार्यरत 32 मजदूरों का अविधिक रूप से उत्तराखंड राज्य से बाहर ट्रांसफर व उनमें से 28 मजदूरों का 3 अप्रैल 2023 से गेटबन्दी जिला प्रशासन की मध्यस्थता में हुए लिखित समझौता दिनाँक 15/12/2023 का खुला उल्लंघन है।
यह उच्च न्यायालय उत्तराखंड द्वारा इंटरार्क मजदूर संगठन की अपील पर जुलाई 2020 में दिए गए आदेश की घोर अवमानना है। उत्तराखंड राज्य के मॉडल स्टैंडिंग ऑर्डर ,इंटरार्क कंपनी के प्रमाणित स्थाई आदेशों का घोर उल्लंघन है। इंटरार्क कंपनी द्वारा उच्च न्यायालय के आदेश, कानून और जिला प्रशासन की मध्यस्थता में हुए समझौते को ताक पर रखकर मनमानी की जा रही है।
जिला प्रशासन पूरी तरह से मूकदर्शक बना हुआ है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जिला प्रशासन की नज़रों में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के उक्त आदेश की और उत्तराखंड राज्य के उक्त कानून की कोई भी अहमियत नहीं रह गई है।
यूनियन ने कहा कि PDPL कंपनी के मालिक की मनमानी और गैरकानूनी कृत्यों के कारण 41 मजदूरों का गेट बंद है और सुनवाई नहीं हो रही है। जायडस और माइक्रोमैक्स कंपनी के मजदूर गैरकानूनी छँटनी व बंदी के शिकार हैं, किंतु शासन प्रशासन में उनकी कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। यही हाल सिडकुल की अन्य कंपनियों का भी है।
ऐसे में सिडकुल के मजदूरों की वर्गीय एकजुटता और एकजुट संघर्ष ही रास्ता है। सभी दुखी पीड़ित मजदूरों को एक मोर्चे के तहत अपने संघर्ष को आगे बढ़ाने की जरूरत है। इंटरार्क, PDPL, जायडस और माइक्रोमैक्स सहित सभी कंपनियों को साझे रुप से लड़ाई लड़ने की जरूरत है।
इसी उद्देश्य के तहत इंटरार्क मजदूरों के परिवार की महिलाओं द्वारा मजदूरों व क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर 7 मई 2023 को शाम को 4 बजे से अम्बेडकर पार्क रुद्रपुर में सभा कर 5:30 बजे से जिलाधिकारी आवास तक पदयात्रा निकालने और निर्णायक आंदोलन करने को पहल ली गई है।
यूनियन ने श्रमिक संयुक्त मोर्चा, क्षेत्र की यूनियनों, संगठनों व न्यायप्रिय जनता से अपील की है कि अपनी क्षमता के अनुसार पदयात्रा में शामिल हों और मजदूरों और मेहनतकशों के भाईचारे और एकजुट संघर्ष को मजबूत करें।