चीका: विभिन्न माँगों को लेकर मानरेगा मज़दूरों ने किया जोरदार प्रदर्शन; धरना रहेगा जारी

JSM_Manarega_cheeka

मनरेगा काम की पूरी मजदूरी देने, 5 किमी से अधिक दूरी पर काम देने पर किराये के नाम पर 10% अतिरिक्त मजदूरी देने और मांग के अनुसार 15 दिन के अंदर काम या बेरोजगारी भत्ता देने की माँग।

चीका (हरियाणा)। पूर्व चेतावनी के तहत विभिन्न माँगों को लेकर मनरेगा मजदूर यूनियन की ब्लॉक कमेटी गुहला के बैनर तले ब्लॉक गुहला के विभिन्न गांवों के मनरेगा मजदूरों ने बीडीपीओ दफतर गुहला चीका पर 23 मई को धरना-प्रदर्शन किया। जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक गुहला की प्रधान कर्म जीत कौर ने की।

यह प्रदर्शन किए गए मनरेगा काम की मजदूरी पूरी नहीं दिए जाने, 5 किमी से अधिक दूरी पर काम दिये जाने पर किराये के नाम पर 10% अतिरिक्त मजदूरी नहीं दिए जाने और मांग के अनुसार 15 दिन के अंदर काम या बेरोजगारी भत्ता नहीं दिये जाने आदि मांगों को पूरा न करने के विरोध में है।

इससे पूर्व मनरेगा मजदूर बड़ी संख्या में चौधरी देवी लाल पार्क में इकट्ठे हुए, और अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए बीडीपीओ कार्यालय पहुंचे और वहां जोरदार प्रदर्शन कर शाम 4 बजे तक धरना दिया।

मनरेगा मजदूरों में इस बात का भारी रोष था कि दिनांक 17-5-2022 को मजदूरों की समस्याओं के बारे में मनरेगा मजदूर यूनियन की ब्लॉक कमेटी गुहला ने जो पत्र भेजकर मनरेगा मजदूरों की समस्याएं रखीं थी, उन्हें बीडीपीओ गुहला ने आज तक भी हल नहीं किया।

ज्ञात रहे कि 17 मई के दिन ही मनरेगा मजदूरों ने बीडीपीओ कार्यालय गुहला को चेतावनी दे दी थी कि यदि 22 मई 2022 तक गुहला ब्लॉक के मनरेगा मजदूरों की समस्याओं का हल नहीं किया गया तो वे 23 मई 2022 को बीडीपीओ कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करेंगे और यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक की उनकी मांगे मानी नहीं जाएंगी।

धरने को मनरेगा मजदूर यूनियन के पूर्व राज्य प्रधान कॉमरेड पाल सिंह ने संबोधित करते हुए विस्तार से अपनी बात रखी, मजदूरों के साथ अपने अनुभव सांझा किए और मजदूरों द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन की कामयाबी की कामना की।

धरने को जन संघर्ष मंच हरियाणा के राज्य प्रधान कामरेड फूल सिंह ने भी संबोधित किया और धरने का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने धरने के संचालन के लिए स्थापित नियम और तरीके बताए।

आयोजित सभा को यूनियन के जिला प्रधान जोगिंदर सिंह, जिला सचिव सुनहरा सिंह, वित्त सचिव फकीर चंद व ब्लॉक प्रधान कर्मजीत कौर ने संबोधित किया। यूनियन नेताओं ने बीडीपीओ गुहला की कार्यशैली पर खेद जाहिर करते हुए कहा कि वे धरने पर बैठे मजदूरों के पास से गुजर गये मगर उन्हें मजदूरों की आवाज सुनाई नहीं दी।

भारतीय किसान यूनियन टिकैत के स्थानीय नेता जय भगवान पीडल ने संबोधित करते हुए पुरजोर समर्थन किया और हर प्रकार की मदद करने का आश्वासन दिया।

धरने में विभिन्न गांवों से आए सैकड़ों मजदूरों ने भाग लिया और संकल्प लिया जब तक हमारी सभी मांगें नहीं मानी जाएगी हमारा आंदोलन जारी रहेगा। अंत में रिमाइंडर के रूप में एक मांग पत्र पुनः बीडीपीओ गुहला के नाम सौंपा गया। निर्णय लिया गया कि कल भी मनरेगा मजदूरों का धरना जारी रहेगा।

भूली-बिसरी ख़बरे