मुरैना पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, धराशाई हुई बिल्डिंग; कई लोग दबे, अबतक 2 शव बरामद

ब्लास्ट इतना तेज था कि फैक्ट्री पूर्णतः तबाह हो गई, कई घरों की दीवारों में दरार आ गई। अफरा-तफरी के बीच पूरे इलाके में दहशत है। लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।
मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाके की खबर आ रही है। ब्लास्ट इतना भयानक था कि फैक्ट्री पूरी तरह से तबाह हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार धमाके के प्रभाव से 4 से 5 मकानों में भी दरारें आई हैं।
घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई है। लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है। मौके पर दमकल ने पहुंच कर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। इस दुर्घटना में 4 से 5 लोग मलबे में दब गए। जिनमें एक महिला को बाहर निकाल लिया गया है। इसके अलावा अभी भी चार लोगों के दबे होने की सूचना है। इन लोगों में तीन बच्चों के नाम भी शामिल हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण घर में रखे सिलेंडर में धमाका बताया जा रहा है। उसी के कारण पटाखों में आग लगी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
घायलों को हॉस्पिटल ले जाने के लिए मौके पर प्रशासन की टीम तैनात है। उनके साथ एंबुलेंस भी मौके पर खड़ी है। वहीं महिला का बच्चों के दबे होने वाली बात को बताकर आंसू झलक पड़े। लोगों में तनाव का माहौल है। दमकल की गाड़ियां लगातार राहत कार्य में लगी हुई है। इसी साल 2024 को हरदा की एक पटाखा फैक्ट्री में सीरियल ब्लास्ट हुए। इस घटना में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस मामले पर सीएम मोहन ने कार्रवाई करते हुए कलेक्टर और एसपी को हटाने के आदेश दे दिए थे। बाद में त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन की टीम ने मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया था।