मानेसर: बेलसोनिका मज़दूरों के संघर्ष व क्रमिक अनशन में बढ़ रहा है यूनियनों का समर्थन

Belasonika_Hangar-9-5

नई नीतियों के तहत बेलसोनिका प्रबंधन भी स्थाई मजदूरों की छंटनी कर सस्ते मजदूर से मुनाफा कमाना चाहता है। ऐसे में एकजुट होकर मजदूर विरोधी नीतियों पर हमला बोलना होगा।

मानेसर, गुड़गांव। बेलसोनिका प्रबंधन की मनमानी व खुली-छिपी छंटनी के खिलाफ बेलसोनिका यूनियन के नेतृत्व में मज़दूरों का संघर्ष लगातार जारी है। इसी के साथ मज़दूरों के जारी क्रमिक भूख हड़ताल के साथ इलाके की मज़दूर यूनियनों व संगठनों का समर्थन भी बढ़ रहा है।

ज्ञात हो कि प्रबंधन की खुली-छिपी छंटनी के खिलाफ बेलसोनिका यूनियन व मज़दूर पिछले दो वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। प्रबंधन ने पिछले वर्ष 2022 में 3 स्थाई श्रमिको को बर्खास्त किया था। उसके बाद बीते 17 मार्च को 3 यूनियन पदाधिकारियों को सस्पेंड किया, 30 मार्च को 10 श्रमिको को यूनियन गतिविधियों के कारण सस्पेंड किया, 7 अप्रैल को 3 पुराने ठेका श्रमिको को यूनियन की सदस्यता देने के कारण बर्खास्त किया, 21 अप्रैल को 11 श्रमिकों को बर्खास्त कर दिया था। प्रबंधन ने अब तक लगभग 13 श्रमिको को सस्पेंड व 17 श्रमिको को नौकरी से बर्खास्त कर चुका है।

इसके विरोध में बेलसोनिका यूनियन के नेतृत्व में मज़दूर 4 मई से क्रमिक भूख हड़ताल पर अपनी मांगों के साथ धरने पर बैठे हैं। आज क्रमिक भूख हड़ताल के छठवें दिन 9 मई को यूनियन के कोषाध्यक्ष पिंटू कुमार यादव, बर्खास्त साथी आदित्य नारायण व संतोष कुमार अनशन पर बैठे।

https://mehnatkash.in/2023/05/04/belsonica-workers-started-a-gradual-hunger-strike-against-open-and-hidden-retrenchments/

धरना स्थल पर बढ़ रहा है समर्थन

धरना स्थल पर विभिन्न मज़दूर यूनियनों व संगठनों का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। आज 9 मई को समर्थन में श्रमिक संग्राम कमेटी गाजियाबाद से कामरेड सुभाष, एसडब्लूसीसी पश्चिम बंगाल से मुनमुन तथा मजदूर सहयोग केंद्र गुड़गांव से साथी खुशीराम व सुभाषिनी पहुंची थी।

इससे पूर्व समर्थन में हिंद मजदूर सभा के जसपाल राणा व सुजुकी बाइक एंप्लाइज यूनियन के साथी पहुंचे थे। जसपाल राणा ने बताया कि हिंद मजदूर सभा इस संघर्ष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। सुजुकी बाइक यूनियन के महासचिव सुभाष गोदारा ने कहा कि यूनियन संघर्ष के साथ है।

उधर मारुति सुजुकी मजदूर संघ और उससे जुड़ी यूनियन के प्रतिनिधि अपनी कार्यकारिणी के साथ धरने पर पहुंचे थे। मारुति सुजुकी मजदूर संघ ने यूनियन के साथ मीटिंग कर विवादो के समाधान के लिए बातचीत करने की बात कही। मारुति सुजुकी प्रोविजनल कमेटी ने भी समर्थन दिया।

मज़दूर विरोधी नीतियों के खिलाफ हमला बोलना होगा

समर्थन में आए प्रतिनिधियों ने मजदूरों के वर्तमान हालात पर बताया कि किस प्रकार पूंजीपति वर्ग मजदूर वर्ग पर हमलावर होकर मजदूर विरोधी 4 लेबर कोड लाकर स्थाई रोजगार को छीन रहा है। पूरे देश में स्थाई रोजगार की जगह कौशल विकास के नाम पर अधिकार विहीन व सस्ते मजदूर भर्ती करने की कवायद चल रही है। बेलसोनिका प्रबंधन भी इसी तरह स्थाई मजदूरों की छंटनी कर उनके स्थान पर ठेके के तहत सस्ते मजदूर भर्ती कर मुनाफा कमाना चाहता है। ऐसे में सब मजदूरों को एकजुट होकर मजदूर विरोधी नीतियों पर हमला बोलना होगा।

वक्ताओं ने कहा कि बेलसोनिका यूनियन की क्रमिक भूख हड़ताल को चलते हुए 6 दिन हो चुके हैं। लेकिन प्रबंधन व श्रम विभाग कोई सुध नहीं ले रहा है। बेलसोनिका प्रबंधन विवादो को निपटाने की बजाय लगातार उकसावेपूर्ण कार्यवाही कर रहा है। प्रबंधन ने फैक्ट्री में कार्य कर रहे 5 श्रमिकों को आरोप पत्र देकर घरेलू जांच कार्यवाही कर छंटनी की अपनी मंशा को लगातार जाहिर कर रहा है।

श्रम विभाग भी प्रबंधन द्वारा की जा रही कार्यवाहियों पर अनुचित श्रम अभ्यास की कार्यवाही नहीं कर रहा है। श्रम विभाग व प्रशासन की चुप्पी बेलसोनिका प्रबंधन के साथ गठजोड़ की ओर इशारा कर रही है।

बेलसोनिक यूनियन ने बताया कि धरने पर बेलसोनिका के मजदूर साथी लगातार सक्रिय हैं। धरने पर लगातार श्रमिक शिफ्टों की छुट्टी के बाद पहुंच रहे हैं तथा नारेबाजी कर प्रबंधन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। धरनारत साथियों के लिए जरूरी सामान लगातार पहुंचा रहे हैं।

इधर मारुति प्रबंधन ने मारूति गेट नंबर 4 पर यूनियन के संघर्ष के समर्थन में आ रहे मजदूर संगठनों व कार्यकर्ताओं के आने पर रोक लगाने के प्रयास कर रहा है। मारुति प्रबंधन बेलसोनिका प्रबंधन का गठजोड़ कायम है। यूनियन अपनी मांगों के साथ लगातार आंदोलन को आगे बढ़ा रही है।

भूली-बिसरी ख़बरे