महाराष्ट्रः अहमदनगर में बड़ा हादसा, कोविड अस्पताल में लगी आग, 10 मरीजों की मौत

0
0

महाराष्ट्र के अहमदनगर के जिला अस्पताल में आग लगने की वजह से 10 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। संक्रमितों का इलाज अस्पताल के स्पेशल वार्ड में चल रहा था। माना जा रहा है कि शार्ट शर्किट की वजह से आग लगी। आग लगने के बाद ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो गई। सप्लाई बंद होने के कारण कई मरीजों की मौत दम घुटने की वजह से हो गई। 

जिलाधिकारी राजेंद्र भोसले ने जिला अस्पताल में आग लगने की घटना की जानकारी देते हुए कहा कि  17 मरीजों का इलाज आईसीयू वार्ड में चल रहा था। इनमें से 10 की मौत आग में जलने की वजह से हो गई। सभी 10 मृतकों का कोरोना का इलाज चल रहा था। साथ ही उन्होंने कहा कि अब आग पर काबू पा लिया गया है। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार शार्ट शर्किट की वजह से आग लगने की आशंका व्यक्त की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10: 30 बजे के आसपास अस्पताल के कोरोना वार्ड में आग लगी। लगभग 11:30 बजे आग पर काबू पाया गया। आग लगने के बाद कई मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। कहा जा रहा है कि वार्ड में आग लगने के बाद ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो गई। सप्लाई बंद होने के कारण कई मरीजों की मौत दम घुटने की वजह से हो गई। 

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक ने आग लगने की घटना को लेकर कहा कि अहमदनगर के सरकारी अस्पताल के ICU यूनिट में आग लगने से 10 लोगों की मृत्यु हुई। एक गंभीर रूप से घायल है। हम जांच करेंगे कि अस्पताल का फायर ऑडिट किया गया था कि नहीं। जो दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। मृतक के परिजनों को CM आर्थिक मदद देंगे।