मध्यप्रदेश : पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर 13 मार्च को भोपाल में फिर होगा बड़ा आंदोलन

0
0

कर्मचारी संगठन ओपीएस बहाली के मुद्दे पर पिछले दिनों धरना प्रदर्शन और रैली निकालकर सीएम के नाम ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं। अब प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर 13 मार्च को राजधानी में फिर बड़ा आंदोलन होगा। इसमें प्रदेशभर से कर्मचारी शामिल होंगे और कलियासोत ग्राउंड पर धरना देंगे।

राजस्थान सरकार ने फरवरी में पुरानी पेंशन बहाल कर दी है। इसके बाद मध्यप्रदेश के कर्मचारी संगठन और कांग्रेस भी इसे मुद्दा बना रही है और सरकार से पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की जा रही है। कांग्रेस का विधानसभा में सरकार को घेरने का प्लान है, तो कर्मचारी संगठन आंदोलन कर मांग उठा रहे हैं। इस मुद्दे पर पिछले दिनों धरना प्रदर्शन और रैली निकालकर सीएम के नाम ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं। अब प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

पुरानी पेंशन बहाली संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौहान ने बताया, 1 जनवरी 2005 या उसके बाद नियुक्त हजारों कर्मचारी आगामी 13 मार्च को कलियासोत ग्राउंड पर प्रदर्शन कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष चौहान ने बताया कि सरकार ने 1 जनवरी 2005 से प्रदेश में नियुक्त होने वाले कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बंद कर नई पेंशन योजना लागू की थी। इसके तहत कर्मचारियों के रिटायरमेंट पर प्रतिमाह मात्र 800 से 1 हजार रुपए तक ही पेंशन प्राप्त हो रही है, जिससे बुढ़ापे में कर्मचारियों की आजीविका चलाना मुश्किल हो गया है।

एनओपीएस (एमपी) के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद डेहरिया, पटवारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह बघेल ने बताया, नई पेंशन स्कीम में कर्मचारी के कुल वेतन का 10% कटौती की जाती है। शासन की ओर से 12% राशि जमा की जाती है। इस राशि को शेयर मार्केट में लगाया जाता है। इसके चलते कर्मचारियों का भविष्य शेयर मार्केट के ऊपर निर्भर हो गया है।

दैनिक भास्कर से साभार