दर्दनाक हादसे के बाद अभी 6 मज़दूरों के फंसे होने की आशंका
मध्य प्रदेश के शहडोल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शनिवार को छुई मिट्टी (सफेद मिट्टी) की खदान धंसने से 6 मज़दूरों की मौत हो गई। 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अभी 6 अन्य मज़दूरों के दबे होने की आशंका है। मृतकों में तीन नाबालिक व 2 महिला मज़दूर हैं।

घटना शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना के पपरेड़ी गांव की है। बताया जा रहा है कि खुदाई के दौरान खदान धंस गई और खुदाई कर रहे मज़दूर इसकी चपेट में आ गए। मौके पर पुलिस व स्थानीय प्रशासन पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया है।
प्रशासन ने खदान में दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी बुला ली है, लेकिन बारिश के कारण बचाव के काम में परेशानी आ रही है। हालाँकि पांच घंटे चले राहत व बचाव कार्य के बाद शवों व घायलों को निकाला जा सका। कलेक्टर सत्येंद्र सिंह और एसपी सत्येंद्र शुक्ला मौके पर पहुंच गए हैं। गंभीर घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा है।
अवैध रूप से खदान चलाई जा रही थी
बताया जा रहा है कि निजी जमीन पर यह खदान अवैध रूप से चलाई जा रही थी। गांव वाले यहां से मिट्टी खोद कर जमा करते थे। इसके बाद अवैध रूप से व्यापारियों इसे ले जाते थे।
ज्ञात हो कि छुई मिट्टी का इस्तेमाल पेंट बनाने में किया जाता है।

3 नाबालिक, 2 महिला सहित 6 मृतक
जहां घटना हुई है, वह एक निजी जमीन है। वह जमीन ग्राम पपरेड़ी निवासी रामपति साकेत की है यहां पर गहरी सुरंग जैसी बन गई थी जिसके धंसकने से हादसा हुआ।
मृतक मज़दूरों में 13 वर्षीय मंगल चर्मकार, 13 वर्षीय रोहित, 16 वर्षीय राजेश चर्मकार, 23 वर्षीय अर्जुन सिंह, 42 वर्षीय हीरावती और 60 वर्षीय बुट्टी बाई शामिल हैं।