लुधियाणा: रबर फैक्ट्री में बॉयलर फटा; मजदूर दिवस पर 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत

अचानक बॉयलर फट जाने से फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराहट में इधर-उधर भागने लगे। वहीं घायल साथियों की जान बचाने के लिए भी मज़दूरों ने भरसक प्रयास किए।
पंजाब के लुधियाणा की एक रबड़ फैक्ट्री में बॉयलर फटने से दो मजदूरों की मौत हो गई। यह हादसा मई दिवस (बुधवार) देर रात हुआ। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना साहनेवाल के अंतर्गत पड़ती चौंकी कंगनवाल के इलाके जसपाल बांगर में एक रबर इंडस्ट्री की है। यहां पिछले करीब 6-7 साल से काम करने वाले 2 मजदूरों में से एक की मौके पर और दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की पहचान जगदीश शर्मा (45) पुत्र सुगमार शर्मा निवासी करमजीत नगर जसपाल बांगर और कुंदन कुमार पुत्र वरिंदर पासवान न्यू राम नगर लुधियाणा के रूप में हुई है।
अचानक बॉयलर फट जाने से फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराहट में इधर-उधर भागने लगे। वहीं घायल साथियों की जान बचाने के लिए भी मज़दूरों ने भरसक प्रयास किए।
घटना की जानकारी देते हुए मृतक जगदीश शर्मा के बेटे राज कुमार ने बताया कि उनके पास एक महिला आई, जिसने कहा कि अपने पापा को बचा लो, उसकी फैक्ट्री में आग लग गई है। वह तुंरत फैक्ट्री गया, जहां पापा की मौके पर ही मौत हो गई। पर उन्हें बताया कि उनको किसी अस्पताल में ले जाया गया है। राज कुमार ने बताया कि उसका भाई भी इसी फैक्ट्री में काम करता है।
इसी तरह दूसरे व्यक्ती को भी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।
राज कुमार ने कहा कि बड़े बाबू तो अपने घरों में आराम कर रहे हैं पर मजदूरों को जबरन बुला कर काम करवाया जा रहा था। इसके चलते यहां अनहोनी घटना हुई है पर यहां किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कोई उचित प्रबंध भी नहीं थे। इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।