जयपुर : एग्रो फैक्ट्री में भयावह हादसा, मशीन में फँसकर एक मज़दूर की दर्दनाक मौत

दुसाद एग्रो फैक्ट्री की मशीन में मूंगफली के दाने डालते समय मजदूर मशीन में चला गया। यह फैक्ट्री लगातार हादसों का केंद्र बनी हुई है। चार दिन पहले भी यहाँ भीषण आग लगी थी।
राजस्थान के जयपुर जिले में मूंगफली दाना पैंकिग करने वाली दुसाद एग्रो फैक्ट्री में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम के दौरान मशीन में मूंगफली के दाने डालते समय एक मजदूर मशीन में चला गया। जिसकी मूंगफली के दानों में दबने से मौत हो गई।
घटना राजस्थान के जयपुर जिले के सामोद थाना इलाके के नीमड़ी इलाके की है। यह फैक्ट्री लगातार हादसों का केंद्र बन चुकी है। अभी चार दिन पहले भी यहाँ भीषण आग लगी थी।
इस हादसे से मज़दूरों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास काम कर रहे मजदूरों ने मशीन को काटकर मजदूर को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान घायल मजदूर ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अनूप कुमार सैनी वार्ड नंबर 44 के रूप में हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, फैक्ट्री प्रबन्धन के खिलाफ लोगों में गुस्सा है। मृतक के परिजनों को आर्थिक मुआवजा देने की लोग मांग कर रहे हैं तो वही फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है।
फैक्ट्री बिना फायर एनओसी के ही चल रही है। फैक्ट्री में आगजनी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। फिर भी फायर एनओसी फैक्ट्री प्रबंधन ने नहीं ली है। इस पूरे मामले को लेकर अग्निशमन केंद्र के फायर अधिकारी अर्जुन लाल सैनी ने कहा कि पिछले चार दिन पहले भी फैक्ट्री में आग लगी थी।
लापरवाही बरतने वाले फैक्ट्री प्रबंधन पर प्रशासन ने भी अभी कोई कार्रवाई नहीं की है। लोगों का कहना है कि फैक्ट्री प्रबन्धन, पुलिस और प्रशासन फैक्ट्री प्रबंधन अवैध कारोबार में लगा है और मज़दूर जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं।