करोलिया लाइटिंग के अनशनकारी श्रमिक को पुलिस द्वारा जबरिया उठाना घोर निंदनीय

0
0

कार्यबहाली के लिए संघर्षरत देव सिंह का जिला अस्पतल में अनशन जारी है। साथ ही धरना स्थल गांधी पार्क में दूसरे पीड़ित श्रमिक शैलेश अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।

रुद्रपुर (उत्तराखंड)। रविवार की रात 10 बजे करोलिया लाइटिंग के अनशनकारी श्रमिक देव सिंह को पुलिस ने गांधी पार्क धरना स्थल से जबरिया उठा लिया। इस बीच श्रमिकों से झड़प के बीच पुलिस ने कहा कि गांधी पार्क धरना स्थल नहीं है। पुलिस ने मज़दूरों को घटना का वीडियो बनाने से भी रोका।

घटना के बाद कारोलिया लाइटिंग इम्पालाइज यूनियन ने कहा कि पुलिस की यह तानाशाहीपूर्ण कार्यवाही घोर निंदनीय है। प्रशासन न्याय दिलवाने की जगह मज़दूरों का दमन कर रहा है, जिसका मज़दूर डटकर विरोध करेंगे।

पुलिस ने देव सिंह को जिला अस्पतल में भर्ती कर दिया है। जहाँ उनका अनशन जारी है। साथ ही इसका विरोध करते हुए आज 11 अप्रैल से धरना स्थल गांधी पार्क में दूसरे पीड़ित श्रमिक शैलेश अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। मज़दूरों ने कहा कि जबतक न्याय नहीं मिलता है, संघर्ष जारी रहेगा।

मज़दूरों का कहना है कि प्रशासन फैक्ट्री, कलेक्ट्रेट, श्रम भवन में धरना देने से रोककर गांधी पार्क भेजता है और पुलिस कहती है कि गांधी पार्क में धरना नहीं दे सकते। फिर मज़दूर अपने हक के लिए कहाँ जाए? यदि यही हाल रहा तो कलेक्ट्रेट पर ही अनशन किया जाएगा।

https://mehnatkash.in/2022/04/09/indefinite-hunger-strike-of-workers-of-karoliya-lighting-continues-for-restoration-of-work/

उल्लेखनीय है कि करोलिया लाइटिंग प्राइवेट लिमिटेड सिड़कुल, पंतनगर में यूनियन बनाने से प्रतिशोधवश 11 श्रमिकों को अवैध रूप से बर्खास्त कर दिया है। अवैध बर्खास्तगी, शोषण व दमन के खिलाफ गांधी पार्क, रुद्रपुर में धरना के साथ 7 मार्च से श्रमिक देव सिंह का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल चल रहा है।

मुख्यमंत्री का दौरा, इसलिए अनशनकारी को उठाया?

रविवार की शाम करीब 7.30 बजे मेडिकल टीम ने आकर देव सिंह की जांच की और दो घंटे बाद ही मजिस्ट्रेट व भारी पुलिस दल भी पहुँच गई और देव सिंह को उठाने की कोशिश की, जिसका उन्होंने जोरदार विरोध किया। अन्य मज़दूरों की भी पुलिस से झड़प हुई। पुलिस ने जबरिया देव सिंह को उठा लिया और गाड़ी में डालकर अस्पताल पहुंचा दिया।

बताया जा रहा है कि सोमवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का रुद्रपुर में कार्यक्रम था, जिसको देखते हुए अनशनकारी श्रमिक को पुलिस ने उठाया। हालांकि अस्पताल में जोरजबर्दस्ती के बावजूद देव सिंह ने मुह से कुछ नहीं लिया है।

इस बीच कंपनी के अन्य श्रमिकों के साथ उनकी महिलायें व बच्चे भी धरने में शामिल हुए। मज़दूरों ने मुख्य बाजार में जुलूस निकालकर अपना विरोध जताया।

इसी के साथ विभिन्न यूनियनों, श्रमिकों और संगठनों का समर्थन भी जारी है।