यूपी : योगी राज में जल निगम कर्मियों को 5 माह से वेतन व पेंशन नहीं, सत्याग्रह आंदोलन जारी

0
0

वेतन, पेंशन व अन्य बकाया देयकों का भुगतान करने की माँग

उत्तर प्रदेश के जल निगम कर्मियों को पांच माह से वेतन और पेंशन ना मिलने से उत्तर प्रदेश जल निगम संघर्ष समिति लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कर्मियों व पेंशनरों का सत्याग्रह आंदोलन जारी है।

समिति ने कहा कि पिछले पाँच महीने से जलनिगम के अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन नहीं मिला है। इससे आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं वर्षों से लंबित पेशन देयकों का भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। जलनिगम के सीवरेज व पेयजल योजनाओं के काम अन्य संस्थाओं को दे दिए गए हैं। जलनिगम के कर्मचारियों को सरप्लस दर्शाकर अन्य विभागों में समायोजित करने का कुचक्र रचा जा रहा है।

कर्मचारियों एवं पेंशनरों ने रोष प्रकट किया और कहा कि पांच माह से वेतन और पेंशन ना मिलने से अब उनके घरों में दाना-पानी का संकट उत्पन्न हो गया है।

सीएम के गृह नगर गोरखपुर में शुक्रवार को जल निगम कर्मियों का सत्याग्रह आंदोलन 23वें दिन भी जारी रहा। कार्यालय अधिशासी अभियंता दशम खंड उत्तर प्रदेश जल निगम गोरखपुर में भोजन अवकाश के समय अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी आंदोलन में रहे।

इस दौरान सभा की अध्यक्षता कर रहे धर्म प्रकाश माहेश्वरी व अन्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बकाया पेंशन और वेतन जल्द से जल्द जारी करने की मांग की।

गोरखपुर के सत्याग्रह आंदोलन में धर्म प्रकाश माहेश्वरी, अरुण कुमार पांडेय, राम कृष्ण त्रिपाठी, चित्र प्रसाद, नितेश कुमार नायक, लालमन, दिनेश्वर प्रसाद ओझा, अशोक कुमार पाठक, रवींद्र प्रसाद दुबे, राम मिलन, मो. अमीन, मंगरू प्रसाद, केएस श्रीवास्तव, सुभाष चंद्र, माता प्रसाद, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, सत्येंद्र कुमार शर्मा, राम नाथ एवं चंद्र प्रकाश शर्मा उपस्थित रहे। सभा का संचालन चंद्र प्रकाश शर्मा ने किया।