हिमाचल: पुरानी पेंशन बहाली के लिए पेंशन संकल्प रैली के साथ जोरदार प्रदर्शन

0
0

रैली के चलते करीब आधा घंटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लगा रहा। इस दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन लागू करो, एनपीएस गो बैक, नेताओं को पेंशन कर्मचारियों को टेंशन जैसे नारे लगाए।

ऊना (हिमाचल प्रदेश)। ऊना जिला मुख्यालय में न्यू पेंशन स्कीम एसोसिएशन (एनपीएसए) के बैनर तले कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर पेंशन संकल्प रैली निकाली। रविवार दोपहर को रैली एमसी पार्क से शुरू हुई, जो रोटरी चौक, आइएसबीटी से होते हुए रेड लाइट तिराहे पहुंची।

रैली में जिले भर के लगभग 2,500 एनपीएस कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और पुरानी पेंशन लागू करो, एनपीएस गो बैक, नेताओं को पेंशन कर्मचारियों को टेंशन जैसे नारे लगाए। साथ ही जोइया मामा मनदा नहीं के भी नारे लगाए गए। रैली के दौरान कर्मचारियों में जोश देखने को मिला। 

सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते कर्मचारी।

इस दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कर्मचारियों ने चंडीगढ़-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैली निकाली। यह रैली एमसी पार्क से लेकर गलुआ चौक तक निकाली गई। इसके बाद रैली शहर से होते हुए दोबारा एमसी पार्क में आकर खत्म हुई।

रैली के चलते करीब आधा घंटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लगा रहा और पुलिसकर्मी यातायात को सुचारु करने में कड़ी मशक्कत करते नजर आए।

पेंशन संकल्प रैली निकालते कर्मचारी।

इस मौके पर नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के राज्य अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि अगर सरकार पुरानी पेंशन बहाल करती है तो वे उनका साथ देंगे, लेकिन अगर ऐसा नहीं हुआ तो उन्हें अन्य विकल्पों पर विचार करना पड़ेगा। इसके लिए सरकार जिम्मेवार होगी।

महासंघ के जिला अध्यक्ष विजय इंदौरिया ने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन स्कीम बहाल कर दी गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को प्रदेश में बिना देर किए मानसून सत्र से पहले पुरानी पेंशन बहाली की घोषणा करनी चाहिए, नहीं तो फिर से प्रदेश के कर्मचारी शिमला में मानसून सत्र में सरकार के समक्ष बड़ी रैली परिवार सहित निकालेंगे।

महासंघ के कांगड़ा जिलाध्यक्ष रजिंदर मन्हास, हमीरपुर के राकेश दीवान, बिलासपुर के राजेंद्र वर्धन, चंबा के सुनील जरियाल ने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में 1,500 परिवार एनपीएस कर्मचारियों के हैं। सभी इस बार सिर्फ पुरानी पेंशन बहाली पर ही वोट कर विधायक चुनेंगे। 

https://mehnatkash.in/2022/05/14/the-movement-for-restoration-of-old-pension-is-becoming-vocal-share-market-based-new-pension-scheme/