हेंकेल एडहेसिव में ₹10000 की वेतन वृद्धि तथा 13.5% परफ़ोर्मेंस इंसेंटिव का समझौता सम्पन्न

Henkal_setelment

समझौता कुल 4 वर्ष का है। पहले साल 9 फ़ीसदी वेतन वृद्धि होगी। अप्रैल, 2021 से 3 साल के लिए ₹10000 तथा प्रति साल वार्षिक वेतन का 13.5% परफ़ोर्मेंस इंसेंटिव मिलेगा। बकाया एरियार का भुगतान होगा…

पंतनगर (उत्तराखंड)। लगातार संघर्ष और कई दौर की वार्ताओं के बाद 18 अक्टूबर को हेंकेल एडहेसिवस टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, सिड़कुल, पंतनगर में अप्रैल 2020 से मार्च 2024 तक के लिए कुल 4 वर्ष का वेतन समझौता संपन्न हो गया है।

इस समझौते (पैकेज डील) के तहत पहले साल (अप्रैल 2020 से मार्च 2021 तक) के लिए श्रमिकों के कुल वेतन का 9% वेतन वृद्धि होगी जो एक्सग्रेशिया के रूप में मिलेगा। उसके बाद के 3 वर्षों के लिए एनुअल गारंटीड कैश (एजीसी) के तहत ₹10000 प्रति माह की वेतन वृद्धि हुई है। जो प्रथम वर्ष ₹5000, दूसरे वर्ष ₹3000 और तीसरे वर्ष ₹2000 के रूप में होगा।

इसके अतिरिक्त प्रति वर्ष कुल वेतन (एजीसी) का 13.5% परफारमेंस इंसेंटिव के रूप में मिलेगा। पिछले साल की वेतन वृद्धि सहित 18 माह की वृद्धि की राशि अक्टूबर माह के वेतन के साथ एरियर के रूप में भुगतान होगा।

18 माह के संघर्ष के बाद समझौता

ज्ञात हो कि कंपनी में हेंकेल मज़दूर संघ के नाम से नवंबर 2019 में यूनियन पंजीकृत हुई और 1 जनवरी 2020 को यूनियन ने प्रबंधन को अपना मांग पत्र दिया, जिसके बाद प्रबंधन ने भी अपनी आवश्यकताओं का पत्र यूनियन को दिया।

इस बीच कोविड-19 और लॉकडाउन का दौर चला। कई श्रमिकों/यूनियन प्रतिनिधियों को तरह-तरह के पत्र मिले। कुछ मज़दूरों की घरेलू जांच की भी प्रक्रिया चली। यूनियन कोषाध्यक्ष भावेश जोशी निलंबित हुए। इसके बावजूद वार्ताओं का दौर आगे बढ़ता रहा।

अंततः 18 अक्टूबर को सहायक श्रम आयुक्त उधम सिंह नगर के समक्ष समझौते पर हस्ताक्षर हो गया। प्रबंधन ने किसी भी श्रमिक के प्रति दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया।

समझौते के महत्वपूर्ण बिन्दु

अप्रैल 2020 से मार्च 2024 तक के लिए कुल 4 वर्ष का वेतन समझौता हुआ है जिसके तहत-

  • अप्रैल 2019-मार्च 2020 के लिए श्रमिकों को AGC (annual guaranteed cash) का 9% के हिसाब से इंक्रीमेंट जो बकाया राशि के रूप मे देय होगा।
  • अप्रैल 2021-मार्च 2024 के लिए 3 वर्ष के लिए ₹10000 का समझौता हुआ। इसके तहत प्रथम वर्ष 50%, द्वितीय वर्ष 30% और तृतीय वर्ष 20% के हिसाब से देय होगा।
  • सभी वर्षों के लिए एनुअल गारंटीड कैश (एजीसी) का 13.5% इंसेंटिव देय होगा।
  • कैंटीन सुविधा में अनुदान ₹10 से बढ़ाकर ₹18 कर दिया गया है।
  • पूर्व में मिलने वाली सारी सुविधाएं यथावत सुचारु रुप से चालू रहेंगी।
  • अभी तक की बकाया राशि श्रमिकों को एरियार के रूप में अक्टूबर माह के वेतन के साथ मिलेगा।
  • समझौता सभी यूनियन सदस्यों/स्थाई श्रमिकों पर लागू होगा।

दिनांक 18/10/2021 को सहायक श्रम आयुक्त उधम सिंह नगर के समक्ष संपन्न समझौते पर यूनियन की ओर से हेंकेल मज़दूर संघ की ओर से यूनियन अध्यक्ष घनश्याम साना, महामंत्री कमल पांडे, वर्मा शंकर, भावेश जोशी, योगेश कुमार व जगदीश नाथ गोस्वामी ने तथा प्रबंधन की ओर से प्लांट हेड महेश सिंह, रविकांत शाक्य तथा शिवेंद्र नाथ शाही ने हस्ताक्षर किया।

इस समझौते पर मज़दूर सहयोग केंद्र ने यूनियन और सभी मज़दूरों को बधाई दी है।

भूली-बिसरी ख़बरे