हरियाणा: पुरानी पेंशन की बहाली के लिए सरकारी कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी साइकिल मार्च शुरू

महेंद्रगढ़ जिले के नंगल चौधरी से शुरू हुई ‘ओपीएस संकल्प साइकिल यात्रा’ 23 जून को चंडीगढ़ में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को ज्ञापन सौंपने के साथ समाप्त होगी।
चंडीगढ़, दो जून (भाषा) हरियाणा सरकार के कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करने की अपनी मांग के समर्थन में तीन सप्ताह का साइकिल मार्च शुरू किया।
‘ओपीएस संकल्प साइकिल यात्रा’ महेंद्रगढ़ जिले के नंगल चौधरी से शुरू हुई और 23 जून को चंडीगढ़ में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को एक ज्ञापन सौंपने के साथ समाप्त होगी।
पेंशन बहाली संघर्ष समिति के प्रमुख विजेंद्र धारीवाल ने कहा कि कर्मचारियों का संगठन मांग पूरी होने तक अपना संघर्ष जारी रखेगा।
ओपीएस संकल्प साइकिल यात्रा 22 जून को पंचकूला पहुंचने से पहले रेवाड़ी, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और अंबाला से होकर गुजरेगी, इसके बाद अंत में यह चंडीगढ़ पहुंचेगी।
धारीवाल ने कहा कि साइकिल मार्च कर्मचारियों की मांगों को लेकर लोगों को जागरूक भी करेगा।