भिवानी में महिलाओं और किसानों पर हरियाणा पुलिस द्वारा लाठीचार्ज

Screenshot_20210502-2128402.png

आज हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर का भिवानी सिविल अस्पताल में दौरा था। इसके विरोध में भिवानी में कई जगह किसानों ने प्रदर्शन किए, और काले झंडे दिखाये और मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरने नहीं दिया।

सीएम खट्टर की सभा का विरोध करने के लिए भिवानी और हिसार जिले के किसान जब तिगड़ाना टोल के पास इकट्ठा होकर सीएम की सभा स्थल की तरफ जाने लगे तो पुलिस ने उनको रोका और उसके बाद मौके पर मौजूद डीएसपी द्वारा किसानों को उकसाने की कोशिश की गई, किसान फिर भी शांत रहे। उसके बाद अचानक से हरियाणा पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज कर दिया।

लोकतांत्रिक विरोध का गला घोंटते हुए पुलिस ने बर्बर लाठी चार्ज किया, मारपीट की, पत्रकारो के कैमरा तोड़ दिये, लोगों के मोबाइल छीन लिए गए और लगभग 70 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों को चार बसों में भरकर लोहारू की तरफ ले जाया गया। प्रदर्शनकरियो में कई महिलाएं मौजूद थी। कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आई हैं।
लाठीचार्ज की इस घटना के विरोध में तुरंत हरियाणा के 15 जगह पर किसानों और गांव वासियों ने रास्ता जाम कर दिया।

इस विरोध के बाद शाम करीब 7 बजे गिरफ़्तार किसानों को छोड़ा गया। थाने से निकलने के बाद गांव प्रेम नगर में किसानों ने आकर सभा की और आह्वान करके रोड जाम को हटाया। यह खबर लिखे जाने तक प्रेम नगर में किसानों की सभा जारी थी। वहीं दूसरी तरफ आज हरियाणा पुलिस ने किसान नेता राकेश टिकैत और गुरनाम सिंह चढूनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी।

किसान संगठन मोदी सरकार के किसान विरोधी बिल के खिलाफ 26 नवंबर से आंदोलन कर रहे हैं और लगातार दिल्ली के बॉर्डर पर डटे हुए हैं। हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और दुष्यंत चौटाला का जबरदस्त विरोध हो रहा है।

किसानों में भाजपा सरकार के प्रति इतना आक्रोश है कि मुख्यमंत्री सहित बीजेपी के मंत्रियों के लिए के लिए हरियाणा में कहीं भी जनसभा करना मुश्किल हो रहा है। दिल्ली -हरियाणा के बॉर्डर सहित जहां भी किसानों के मोर्चे लगे थे, फसल कटाई के बाद वहां अब किसानों की संख्या वापस से बढ़ने लगी है।

भूली-बिसरी ख़बरे