हरियाणा : दो फैक्ट्रियों में अलग-अलग हादसों में एक मज़दूर की मौत, 14 घायल

0
0

फरीदाबाद की भूपेन्द्र स्टील फैक्ट्री में गैस सिलिंडर फटने से काम कर रहे एक मज़दूर की मौत और 4 घायल हो गए। जबकि सोनीपत की फैक्ट्री में लेंटर गिरने से 10 मजदूर घायल हो गए।

फरीदाबाद में गैस सिलेंडर फटने से एक मज़दूर की मौत, 4 घायल

फरीदाबाद। हरियाणा के स्मार्ट सिटी फरीदाबाद के सेक्टर-6 में आज एक भयानक हादसा हो गया। यहां स्थित भूपेन्द्र स्टील नाम की फैक्टरी में गैस सिलिंडर फट गया, जिसकी चपेट में आने से फैक्टरी में काम करने वाले 5 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से एक की मौत हो गई।

अन्य 4 घायल मजदूरों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। आरोप लगा है कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण गैस सिलिंडर में ब्लास्ट हुआ है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने बयानों के आधार पर जांच में जुट गई है।

सोनीपत में फैक्ट्री में निर्माण के दौरान लेन्टर गिरा, 10 मज़दूर घायल

सोनीपत के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में एनजीटी की रोक के बाद भी निर्माण कार्य करवाया जा रहा था। जिसके बाद फैक्ट्री में लेंटर डालते समय लेंटर गिर गया और 6 मजदूर घायल हो गए। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं घायलों को इलाज के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल लाया गया। वहीं इतनी बड़ी लापरवाही के बाद भी मौके पर पहुंचे सोनीपत के डीटीपी मीडिया के सवालों से बचते हुए गाड़ी में बैठकर निकल गए।

घायल मजदूरों ने बताया कि वह लेंटर डाल रहे थे और उसी दौरान लेंटर गिर गया घायल मजदूरों के अनुसार 10 मजदूर घायल हुए हैं। जबकि प्रशासन महज 6 मज़दूरों को घायल बता रहा है। सभी मजदूरों को समय रहते सोनीपत के नागरिक अस्पताल भेज दिया गया। जहां पर सभी का इलाज चल रहा है।

ज्ञात हो कि वायु प्रदूषण को कम करने के लिए एनजीटी के द्वारा हरियाणा के 4 जिलों में निर्माण कार्य स्कूलों पर रोक लगा दी गई है, लेकिन सोनीपत में प्रशासन की लापरवाही के चलते एनजीटी के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

इस मामले में जिस फैक्ट्री में हादसा हुआ वहां पर सोनीपत के डीटीपी नरेश कुमार मौके पर पहुंचे, लेकिन जब उनसे पूछा गया कि फैक्ट्री में हादसा हुआ है। वह निर्माण कार्य पर भी रोक लगा दी गई है तो वह मीडिया के सवालों से बचते हुए अपनी गाड़ी में बैठकर निकल गए और उन्होंने कोई भी जवाब नहीं दिया।