स्टील आईनॉक्स स्टेनलेस प्राइवेट लिमिटेड में अंडरग्राउंड टैंक खुदाई के दौरान मिट्टी धंस गई। 7 मजदूरों के शव बरामद हुए हैं। तीन से चार मजदूरों के अभी भी मिट्टी में दबे होने की आशंका है।
मेहसाणा। गुजरात के मेहसाणा में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां फैक्ट्री में टैंक खोद रहे मजदूरों पर मिट्टी गिर गई। इस भीषण हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो गई। यह हादसा मेहसाणा से करीब 37 किमी दूर जासलपुर गांव के पास हुआ। इस घटना के बद पूरा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है। वहीं प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का वादा किया गया है।
वहीं पुलिस ने बताया कि जसलपुर गांव में एक फैक्ट्री के लिए कई मजदूर अंडरग्राउंड टैंक खोद रहे थे। इसी दौरान टैंक में कटाव हो गया और मिट्टी धंस गई। 7 मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए हैं। तीन से चार मजदूरों के अभी भी मिट्टी में दबे होने की आशंका है। बचाव अभियान जारी है। स्टील आईनॉक्स स्टेनलेस प्राइवेट लिमिटेड में हादसे के बाद जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाई जा रही है। कंपनी में अभी कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। जब मजदूर टैंक खोद रहे थे, तब अचानक मिट्टी गिरी।मौके पर 5 एम्बुलेंस मौजूद हैं।
मेहसाणा पुलिस अधीक्षक डॉ. तरूण दुग्गल ने बताया कि कादी के गांव में नई कंपनी का निर्माण कार्य चल रहा था, तभी हादसा हुआ। सभी टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। मजदूर किसी निजी कंपनी के बताए गए हैं। प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। हादसे की जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें मजदूरों के परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। कंस्ट्रक्सन साइट पर देखा जा सकता है कि जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाने का काम किया जा रहा है। घटना ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी और मजदूरों की कार्य स्थलों पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।