किसान संगठनों ने बेंगलुरु में राकेश टिकैत पर हमले के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन किया

संयुक्त किसान मोर्चा ने दोषियों को सजा देने, इस लापरवाही के लिए दोषी अधिकारियों के निलंबन, राकेश टिकैत को सुरक्षा और घटना की न्यायिक जांच की मांग दोहराई।
सोमवार को बेंगलुरू में राकेश टिकैत पर हुए हमले के विरोध में आज पूरे भारत के किसान संगठन एक साथ आए। कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन आयोजित हुए जहां किसान संगठनों ने घटना में कार्रवाई और जांच की मांग की।
कल बेंगलुरू में कर्नाटक राज्य रैयत संघ द्वारा किसानों के खिलाफ दुष्प्रचार के खिलाफ आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राकेश टिकैत पर हमला किया गया था और उन पर स्याही फेंकी गई थी। हमलावर ‘जय मोदी’ और ‘मोदी, मोदी’ के नारे लगा रहे थे। मुख्य आरोपी भरत शेट्टी को कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा सहित कई भाजपा नेताओं के साथ देखा गया है।
उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और अन्य राज्यों में विरोध प्रदर्शन आयोजित हुए। कर्नाटक में, किसान संगठनों ने बेंगलुरु, चिक्काबल्लापुरा, चामराजनगर, सागर सहित कई अन्य स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया। संयुक्त किसान मोर्चा ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा, लापरवाही के लिए दोषी अधिकारियों को निलंबित करने, घटना और इसके पीछे की राजनीतिक साजिश की न्यायिक जांच, और राकेश टिकैत को सुरक्षा देने की अपनी मांग दोहराई।

संयुक्त किसान मोर्चा की प्रेस विज्ञप्ति (31 मई 2022)
जारीकर्ता- डॉ दर्शन पाल, हन्नान मोल्ला, जगजीत सिंह दल्लेवाल, जोगिंदर सिंह उगराहन, शिवकुमार शर्मा (कक्का जी), युद्धवीर सिंह, योगेंद्र यादव