मेरठ में तेज धमाके से फैक्ट्री वाले मकान सहित कई मकान धराशायी हो गए। 33 केवी बिजली के खंभे भी टूट गए। दिल्ली की फैक्ट्री में तेज धमाके से इलाके में अफरा तफरी मच गई।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में साबुन फैक्ट्री में मंगलवार को विस्फोट में चार मज़दूरों की मौत हो गई और कई लोगों के गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं दिल्ली में बुधवार की सुबह बवाना इंडस्ट्रियल इलाके की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। जिसके बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।
मेरठ की साबुन फैक्ट्री में चार श्रमिकों की मौत
उत्तर प्रदेश के मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित साबुन फैक्ट्री में धमाका हो गया। इस घटना में चार मज़दूरों की मौत हो गई और कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिली है।
धमाका इतना जबरदस्त था कि जिस मकान में फैक्ट्री चल रही थी, उसके साथ ही आस पास के दो-तीन मकान और धराशायी हो गए। 33 केवी की लाइन के खंभे भी टूट गए। सड़क पर जा रहे कई लोग घायल हो गए। करीब 3 से 4 किमी तक आस पास के मकान धमाके से हिल गए।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मीडिया को बताया कि साबुन बनाने की फैक्ट्री थी। यहां पर मशीनरी में कोई दिक्कत आने से धमाका हुआ है, जिसमे चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। ये सभी फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर हो सकते हैं।
वहीं पड़ोसियों ने बताया कि रिहायशी इलाके में यह फैक्ट्री पिछले छह वर्ष से चल रही थी। वहीं रेस्क्यू के दौरान इमारत का बाकी हिस्सा भी भरभराकर गिर गया, जिसमें एक जेसीबी चालक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जो मकान धराशायी हुआ है वह किसी संजय गुप्ता का बताया जा रहा है जो गौरव त्यागी नाम के व्यक्ति ने किराए पर ले रखा था। पुलिस मौके पहुंचकर छानबीन कर रही है।
दिल्ली: प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग

दिल्ली में आज (बुधवार) सुबह करीब 10 बजे बवाना इंडस्ट्रियल इलाके की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण लग गई और फैक्ट्री में एक तेज धमाका भी हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के वक्त फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे, जो अपनी जान बचाकर वहां से भागे। हादसे में अभी तक किसी तरह की जानहानि की खबर नहीं है।
प्लास्टिक फैक्ट्री में आग लगने के बाद बगल की एक फैक्ट्री में भी आग फैल गई और जल्दी ही आग ने भयावह रूप ले लिया। आग लगने के बाद बिल्डिंग से काले धुंए का गुबार और आग की लपटें साफ़ देखी जा सकती थी।
पूरी बिल्डिंग में आग इतनी ज्यादा लगी थी कि दमकल विभाग ने आसपास के क्षेत्रों से दो दर्जन से ज्यादा फायर टेंडर मौके पर भेजे। आग लगने के कारणों का अभी फिलहाल पता नहीं लग पाया है।