प्लास्टिक फ़ैक्ट्री में विस्फोट, 6 मज़दूरों की मौत, 5 घायल

यह दर्दनाक घटना पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की है
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में बृहस्पतिवार को एक प्लास्टिक फैक्ट्री में हुए विस्फोट में छह व्यक्तियों की मौत हो गई। पाँच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी इसी फ़ैक्ट्री में काम करने वाले मज़दूर हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जबकि भाजपा व तृणमूल के बीच सियासी उठापटक जारी है।
यह घटना दिन में 11 बजे सुजापुर इलाके में हुई। फैक्ट्री में काम करने वाले चार श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य को अस्पताल में मृत घोषित किया गया। इस विस्फोट में पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को जब कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा था, तभी उसकी मौत हो गई।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, विस्फोट के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री के आस पास रहने वालों में डर का माहौल है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिये बड़ी संख्या में यहां पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही दमकलकर्मी आग बुझाने तथा मलबे से जिंदा लोगों को बचाने में जुट गए हैं।
पुलिस अधीक्षक आलोक राजोरिया ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कारखाने के अंदर एक भारी मशीन में तकनीकी खराबी के कारण उच्च तीव्रता का विस्फोट हुआ। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की घोषणा की है।
इस भयावह घटना के बाद राजनैतिक रोटियां सिकने लगीं हैं। वोट के सौदागर चुनावी विसात बिछा रहे हैं। प्रदेश के राज्यपाल, भाजपा और प्रदेश सरकार आमने-सामने है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है।