विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरप्रदेश के बिजली कर्मचारियों-अधिकारियों ने किया बहिष्कार

nprkhjrg_electricity-generic-pixabay_625x300_11_February_19

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले मंगलवार से हड़ताल शुरू हुई। पूरे दिन प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने शाम को मशाल जुलूस निकाला और सरकर को ज्ञापन भेजा।

प्रबंधन और ऊर्जा निगम की शीर्ष नीतियों के खिलाफ मंगलवार से बिजली कर्मचारियों का अनिश्चित कालीन धरना और हड़ताल मंगलवार से शुरू हो गई। उच्च प्रबंधन के नकारात्मक एवं तानाशाही रवैया के खिलाफ कर्मचारियों ने अपनी मांगे रखी और लाल डिग्गी कार्यालय पर प्रदर्शन शुरू किया।

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले मंगलवार से हड़ताल शुरू हुई है। जिसमें विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों से लेकर अधिकारियों तक ने काम का बहिष्कार किया। पूरे दिन हड़ताल और नारेबाजी करने के बाद कर्मचारियों ने शाम को मशाल जुलूस निकाला और इसके बाद एडीएम सिटी को ज्ञापन देकर शासन को विभिन्न मांगे सौंपी।

हड़ताल के दौरान विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के जिला संयोजक प्रवीन शाक्य ने कहा कि कारपोरेशन अनावश्यक दबाव बनाकर कर्मचारियों से काम करा रहा है। हालत यह है कि सब स्टेशनों पर न तो अधिकारी हैं और न ही पर्याप्त कर्मचारी।

इतना ही नहीं कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सामान, मरम्मत के उपकरण और जरूरत के सामान तक उपलब्ध नहीं हैं। एक-एक जेई पर दो से तीन बिजली घर का चार्ज है। इन सारी चीजों की जानकारी प्रबंधन को है, इसके बाद भी कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

कर्मचारियों का कहना था कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होंगी और ऊर्जा मंत्री खुद इन सारे मामलों का संज्ञान नहीं लेंगे, उनकी हड़ताल लगातार जारी रहेगी। प्रदर्शन के दौरान पंकज त्रिपाठी, तक्षक भारद्वाज, पीयूष सारस्वत, सौरभ मंगला, भूपेंद्र रावत, अध्यक्ष विक्रम सिंह, अरुण यादव, प्रदीप चौहान, भगवती प्रसाद, प्रवेश कुमार, प्रेम चन्द्र गोला समेत बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

कारपोरेशन की नीतियों के खिलाफ जहां एक ओर कर्मचारियों ने हड़ताल का आगाज किया। वहीं दूसरी ओर इसका खामियाजा आम उपभोक्ताओं को उठाना पड़ा। शहर में कई जगहों पर फाल्ट आ गए, लेकिन हड़ताल के कारण कर्मचारियों ने इसकी ओर ध्यान नहीं दिया। ऐसे में वीआईपी कालोनियों में भी 5-10 घंटे तक कटौती रही।

सांसद निवासी वाली विद्यानगर कालोनी में 5 घंटे सप्लार्इ बंद रही। विक्रम कालोनी से निकलने वाली जनकपुरी फीडर में मंगलवार को अचानक खराबी आ गई।जिसके कारण बिजली आपूर्ति ठप करनी पड़ी। इसी फीडर से सांसद आवास समेत कई अस्पताल व कालोनियों आदि की आपूर्ति होती है। सुबह 11 बजे से ठप हुई सप्लाई पांच बजे तक बाधित रही। इसी तरह अतरौली, छर्रा, इगलास व अकराबाद में घंटों सप्लाई बाधित रही।

दैनिक भास्कर से साभार

भूली-बिसरी ख़बरे