देवघर: एमपी माइनिंग एंड इनर्जी फैक्ट्री में ब्लास्ट; एक मज़दूर की मौत, दूसरा बुरी तरह झुलसा

घायल बोकारो रेफ़र। घटना के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने फैक्ट्री गेट के समक्ष जमकर प्रदर्शन किया। तीखे आक्रोश के बीच पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
देवघर (झारखंड)। देवघर के मानिकपुर इंडस्ट्रियल एरिया जसीडीह स्थित एमपी माइनिंग एंड इनर्जी लिमिटेड में कार्य के दौरान भट्ठी में ब्लास्ट (हैंगिंग पॉट) तेज आवाज़ के साथ फट गया। इस ब्लास्ट से लोहे का लावा गिरने लगा, जिसकी चपेट में दो मज़दूर आ गए।
इनमें एक मजदूर की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई है, वहीं एक अन्य मजदूर बुरी तरह से झुलस गया है। जिसे पहले स्थानीय अस्पताल फिर बोकारो रेफ़र कर दिया गया। इस घटना से फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों वह मोहल्ला वासियों ने फैक्ट्री के बाहर जोरदार हंगामा किया। लोगों ने मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना पर तीखे आक्रोश के बीच आसपास के क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
हंगामे के कारण रात करीब 8:00 बजे शव को घटनास्थल से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
मज़दूरों पर गिरा पिघला हुआ गरम लोहा
मीडिया में आई ख़बर के अनुसार फैक्ट्री में लोहा को भट्ठी में डाल कर गलाया जाता है। बुधवार को भी प्रतिदिन की तरह दर्जनों मजदूर कार्य कर रहे थे। रामानंद और संतोष हैंगिंग मशीन को चालू कर लोहे की भट्टी से पिघले हुए लोहे को उठाकर फर्निसिंग के लिए दूसरे स्थान पर ले जाने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक भट्ठी में ब्लास्ट हो गया, हैंगिंग पार्ट फट गया और गर्म लावा की चपेट में आकर दोनों घायल हो गए। मजदूर रामानंद की दर्दनाक मौत मौके पर ही हो गई, जबकि संतोष बुरी तरह झुलस गया, जिंदगी और मौत से जूझते हुए अस्पताल में भर्ती है जिसे बोकारो रेफर कर दिया गया।
मृतक रामानंद पासवान बिहार के झाझा, जमुई का निवासी है, जबकि संतोष कुमार देवघर के रांगा थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
आक्रोशित परिजनों, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित मजदूरों के परिजन भी फैक्ट्री के गेट के सामने पहुंच गए. देखते ही देखते लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पीड़ितों के परिजनों ने फैक्ट्री के गेट के समक्ष जमकर प्रदर्शन, नारेबाजी व हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पत्थरबाजी व तोड़फोड़ भी हुई।
प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील
इधर, लोगों में घटना को लेकर आक्रोश को देखते हुए आसपास के क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। फैक्ट्री गेट के समीप पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया।
घटना के बाद लोगों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या निकल कर सामने आता है और मृतक के परिजनों को न्याय मिलता है या नहीं।