5 माह से यूनियन उपाध्यक्ष अवैध गेटबन्दी के शिकार हैं
पंतनगर (उत्तराखंड), 10 दिसम्बर। सिडकुल की करोलिया लाइटिंग कंपनी में यूनियन उपाध्यक्ष सुनील कुमार यादव की कार्यबहाली, श्रमिकों को जारी कथित आरोप पत्र वापस लेने और माँग पत्र के निस्तारण आदि माँगों को लेकर श्रमिकों ने भोजन अवकाश के समय कंपनी के प्रशासनिक भवन के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया और कार्यबहाली सहित सभी समस्याओं के निस्तारण की माँग की।
करोलिया लाइटिंग इम्पलाइज यूनियन के अध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने बताया कि यूनियन ने विगत दिनों प्रबंधन हो पत्र देकर सुनील कुमार की कार्यबहाली सहित उपरोक्त समस्याओं के समाधान की माँग की थी और कहा था कि ऐसा ना होने पर कंपनी में समस्त श्रमिक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम शुरू करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रबंधन की हठधर्मिता के बाद आज से काला फीता बांधकर कार्य करते हुए विरोध प्रदर्शन की शुरुआत हुई, जिसके तहत भोजन अवकाश के समय विरोध प्रकट किया गया।

यूनियन बनने के बाद से श्रमिकों का उत्पीड़न बढ़ता रहा है
यूनियन ने बताया कि प्रबंधन द्वारा यूनियन बनने के बाद से श्रमिकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसी क्रम में कोरोना संकट के विकट दौर में बीते जुलाई माह में कोविड-19 जांच की माँग करने पर प्रबंधन ने प्रतिशोधवश यूनियन के उपाध्यक्ष श्री सुनील कुमार यादव की गैरकानूनी गेट बंदी की तथा कई श्रमिकों को तरह-तरह के आरोप पत्र देकर उत्पीड़ित किया जा रहा है।
यूनियन ने बताया कि प्रबंधन द्वारा श्रमिकों की माँगपत्र पर भी अभी तक कोई विचार नहीं किया गया है जिससे श्रमिकों में रोष व्याप्त है। यदि प्रबन्धन की हठधर्मिता बनी रही तो श्रमिकों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
करोलिया मज़दूरों की प्रमुख माँगें-
- सुनील कुमार की सवेतन कार्यबहाली करो!
- समस्त श्रमिकों के आरोप पत्र निरस्त करो!
- माँगपत्र पर समझौता जल्द करो!