दिल्ली : जूता फ़ैक्ट्री में लगी भीषण आग में जला हुआ शव बरामद, 6 लापता

राजधानी दिल्ली में सोमवार की सुबह लगी थी आग
राजधानी दिल्ली के उद्योग नगर के जे-5 में स्थित एक जूता फैक्ट्री में सोमवार सुबह लगी भीषण आग के बाद मंगलवार सुबह एक मज़दूर का जला हुआ शव बरामद हुआ है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसके अलावा 5-6 मज़दूर लापता बताए जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के पीरागढ़ी के नजदीक उद्योग नगर में जूता फैक्ट्री में आग लगने की ये घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई। इसके बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। जिसके बाद दमकल की 24 गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गई थीं। राहत और बचाव कार्य में एनडीआरएफ की भी मदद ली गई।
इस दौरान आग की लपटों के साथ ही काला धुआं भी आकाश में फैल गया, इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आज सुबह एक मज़दूर का जला हुआ शव बरामद होने से लोगों में दहशत और बढ़ गया। लापता मज़दूरों की जानकारी अभी तक नहीं मिली है।
मालिक के अनुसार 6 मज़दूर गायब हैं। हकीकत में सच का अभी पता लगना है की वास्तव में कितने मज़दूर गायब हैं, उनमें कितने अनहोनी के शिकार नहीं हो गए?
भीषण आग की इस घटना के बाद से आजमगढ़ के दो सगे भाइयों के भी लापता होने की खबर है। फैक्ट्री की आग में इनके फंसने की आशंका से सभी परेशान हैं। सोमवार की सुबह खबर मिलते ही आजमगढ़ पसिका गांव से युवकों के परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उधर गांव में किसी अनहोनी की आशंका से सगे भाइयों के परिजन सहमे हुए हैं।
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के पसिका गांव निवासी रमेश कुमार अपने तीन पुत्रों के साथ दिल्ली के उद्योग नगर में एक जूता फैक्ट्री में काम करते हैं। इस समय रमेश कुमार गांव में हैं। तीनों पुत्र दिल्ली में हैं। इनमें से रविवार की रात में रमेश के पुत्रों सोनू कुमार व विक्रम कुमार की शिफ्ट एक साथ थी। सबसे बड़े पुत्र अखिल कुमार की शिफ्ट दिन में थी। सुबह 8:22 बजे वहां आग लगने की खबर मिली। दोपहर बारह बजे परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दोनों ही अभी अविवाहित हैं।