चित्तौड़गढ़: मार्बल व टाइल्स फैक्ट्री में करंट लगने से एक मज़दूर की मौत, दूसरा गम्भीर

फैक्ट्री में एक मजदूर को करंट लग गया। बचाने के प्रयास में साथी भी करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई, जबकि पहले जिसे करंट लगा था वह गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती है।
चित्तौड़गढ़। शहर की उपनगरी बस्ती चंदेरिया स्थित मार्बल व टाइल्स फैक्ट्री में हादसा हुआ है। इसमें एक मजदूर को करंट लग गया। इसको बचाने के प्रयास में इसका साथी भी करंट की चपेट में आ गया। जो बचाने के लिए साथी आगे आया था उसकी मौत हो गई, जबकि पहले जिसे करंट लगा था उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती करवाया है। हादसे की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार जिला चिकित्सालय में एकत्रित हो गए और मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। फिलहाल इनके बीच समझौता नहीं हो पाया है।
चंदेरिया सीआई कैलाशचंद्र ने बताया कि चंदेरिया थाना क्षेत्र में स्थित सांवलिया टाइल्स प्राइवेट लिमिटेड में यह हादसा हुआ। शनिवार सुबह करीब 10 बजे फैक्ट्री में काम चल रहा था। इस दौरान एक श्रमिक को करंट लग गया। इसे बचाने के लिए बोरदा निवासी पप्पू (42) पुत्र जगन्नाथ बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन बचाने के प्रयास में पप्पू खुद करंट की चपेट में आ गया। बताया गया कि यहां पर बने पानी के टैंक में करंट आ रहा था। एक श्रमिक मोटर चलाने गया तभी उसे करंट आ गया था। इसे तड़पता देख पप्पू भी बचाने आया था। दोनों ही को बाद में उपचार के लिए चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय लाया गया।
यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पप्पू को मृत घोषित कर दिया। इसके शव को बाद में जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। इसकी जानकारी मिली तो मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। समाज के लोग और रिश्तेदार जिला चिकित्सालय में एकत्रित होने लगे और मृतक के आश्रितों को 25 लाख की आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की गई। मामले की जानकारी मिली तो चंदेरिया थानाधिकारी कैलाशचंद्र मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश का प्रयास किया।
फिलहाल आर्थिक सहायता पर सहमति नहीं बनी तो शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी नहीं हुई। शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखा हुआ है और मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात हैं।