छत्तीसगढ़: भोरमदेव शक्कर कारखाने में स्टीम पाइप फटा, चार मज़दूर गंभीर रुप से झुलसे

अचानक मुख्य मशीन में धमाका हुआ। अन्य मज़दूरों ने तुरंत मशीनों को बंद किया तब पता चला कि स्टीम पाइप में ही विस्फोट हुआ है, जहाँ भाप की चपेट में चार मजदूर आ गए।
कवर्धा (छत्तीसगढ़)। कवर्धा शहर के प्रसिद्ध भोरमदेव शक्कर कारखाने में काम के दौरान स्टीम पाइप फट गया। मौके पर काम कर रहे चार मजदूर भांप की चपेट में आ गए और गंभीर रुप से झुलस गए। जिंदगी-मौत से जूझते सभी मजदूरों को आनन फानन में शहर के निजी अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि आम दिनों की तरह कारखाने में काम चल रहा था। रविवार को सुबह 12 बजे अचानक मुख्य मशीन के पास धमाका हुआ। उस वक्त स्टीम पाइप के पास चार मजदूर काम कर रहे थे, जो उसकी चपेट में आ गए।
कारखाने में काम करने वाले दूसरे मजदूरों को जैसे ही हादसे की खबर लगी, तुरंत मशीनों को बंद कर दिया गया। मशीन बंद होने के बाद पता चला कि स्टीम पाइप में ही विस्फोट हुआ है, जिससे चार मजदूर झुलस गए हैं।
खबर के अनुसार निजी अस्पताल में भर्ती दो मजदूरों को शुरुआती इलाज देकर घर भेज दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दो लोगों की हालत थोड़ी गंभीर है, जिनका इलाज जारी है।