टाटा मोटर्स, पंतनगर में स्थाई श्रमिकों के लिए रुपए 43,453 का हुआ बोनस समझौता

Tata_motrs_pntnagar-2

दोनों पक्षों में सहमति के बाद इस बार बोनस की राशि मे पिछले वर्ष के मुकाबले 5253 रुपए की वृद्धि हुई हैं। इससे पूर्व जमशेदपुर प्लांट में भी बोनस का समझौता हो चुका है।

पंतनगर (उत्तराखंड)। भारत की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स लिमिटेड पंतनगर में बोनस समझौता सम्पन हो गया है। इस बार स्थायी कर्मचारियों को 43,453 रुपये बोनस मिलेगा।

टाटा मोटर्स कर्मचारी संघ द्वारा जारी सूचना के अनुसार काफी समय से चल रही बोनस की वार्ता में आखिरकार यूनियन और प्रबंधन के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में इस वर्ष के लिए बोनस पर सहमति बन चुकी है।

यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि टाटा मोटर्स की अन्य इकाइयों की तरह पंतनगर में भी नई बोनस प्रणाली पर सहमति बनी है जो की तीन पैरामीटर (कंपनी लाभांश, उत्पादकता व गुणवत्ता) पर आधारित पारदर्शी योजना है और वित्तीय वर्ष 2022-23 से वर्ष 2025-26 तक लागू रहेगी।

यूनियन का कहना है कि निश्चित ही इससे हमारे साथी कर्मचारियों को अधिकतम लाभ मिलेगा। इस क्रम में वर्ष 2022-23 के लिए कर्मचारियों को मिलने वाले बोनस की राशि रुपए 43,453 रहेगी, जिसका भुगतान अक्टूबर माह में हो जाएगा।

यूनियन ने बताया कि इस बार बोनस की राशि मे पिछले वर्ष के मुकाबले वृद्धि हुई हैं। पिछले वर्ष 38,200 बोनस मिला था और इस वर्ष यह राशि 5,253 रुपए बढ़कर 43,453 रुपये पहुंची हैं।

यूनियन कार्यकारिणी ने सभी श्रमिक साथियों का सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया है साथ ही यह भी विश्वास दिलाया है की यूनियन श्रमिक हितों के लिए सदैव वचनबद्ध है। कर्मचारियों में बोनस को लेकर खुशी का माहौल है।

जमशेदपुर प्लांट में भी हुआ बोनस समझौता

जमशेदपुर। टाटा मोटर्स में स्थाई कर्मचारियों के लिए पिछले माह टाटा मोटर्स प्रबंधन एवं टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच 10.1 प्रतिशत बोनस पर समझौता हुआ। समझौते के तहत कर्मचारियों को इस वर्ष अधिकतम 57,900 रुपये व औसतन 43,485 रुपये मिलेंगे। 

साथ ही इस समझौता के तहत 355 बाई सिक्स कर्मचारियों के स्थायीकरण पर भी सहमति बनी है।

इसके अलावा जनशेदपुर प्लांट में कैंटीन कर्मचारियों के लिए अलग से रुपए 13101 का बोनस समझौता हुआ है।

भूली-बिसरी ख़बरे