आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली में केमिकल फैक्ट्री में हुआ ब्लास्ट; 14 श्रमिकों की मौत, दर्जनों घायल

चीख पुकार के बीच फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने की कोशिश हो रही थी लेकिन आग और धुंआ इतना ज्यादा था कि अंदर कुछ दिखाई ही नहीं दे रहा था। मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
अनकापल्ली। आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले की एक केमिकल फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हो गया, जिससे अबतक 14 मज़दूरों की मौत हो चुकी है। वहीं 30 से अधिक मज़दूरों के घायल होने की खबर है।
जानकारी के अनुसार घटना अच्युटापुरम के विशेष आर्थिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री की है। हादसे के कारणों का पता नहीं चला है, वहीं मौके पर दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौजूद है। मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
हादसा भयावह है। दूर तक केवल धुंआ ही धुंआ था। इसके बाद चीख पुकार के बीच फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही थी लेकिन आग और धुंआ इतना ज्यादा था कि अंदर सही से कुछ दिखाई ही नहीं दे रहा था। आग लगने की पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बुधवार को फैक्ट्री के एक रिएक्टर में अचानक विस्फोट होने से ये हादसा हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई ने अनकापल्ली की एसपी दीपिका के हवाले से बताया, ‘अच्युटापुरम एसईजेड की एक कंपनी में रिएक्टर विस्फोट की घटना हुई है। फिलहाल घायलों का इलाज कराया जा रहा है।’
पहले भी हो चुका है इस इलाके में हादसा
पिछले साल 2023 में भी अच्युतापुरम स्थित सहिती फार्मा कंपनी में विस्फोट हो गया था, जिसमें 7 मज़दूर झुलसे थे। धमाका साल्वेंट रिकवरी प्लांट में साल्वेंट भरते समय हुआ था। हादसे के समय मौके पर 35 लोग मौजूद थे, लेकिन अधिकतर सुरक्षित रूप से बाहर निकल आए थे।
पिछले महीने एनटीआर जिले में एक सीमेंट फैक्ट्री में धमाका हो गया था, जिसमें 16 मज़दूर घायल हुए थे। फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हादसा हुआ था।